
पंच👊नामा
रूड़की: हरिद्वार जिले में “ऑपरेशन प्रहार” के तहत पुलिस का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है। भगवानपुर थाना क्षेत्र के ग्राम सिरचंदी में गौकशी की तैयारी की सूचना पर पुलिस ने ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए दो गौवंशों को कटने से पहले सुरक्षित बचा लिया।
मौके से गौकशी में इस्तेमाल होने वाले उपकरण बरामद किए गए, जबकि एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। दो अन्य आरोपी अंधेरे और खेतों का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर जिलेभर में चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के अंतर्गत हरिद्वार पुलिस अपराध और अवैध गतिविधियों पर लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में भगवानपुर पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम सिरचंदी स्थित एक घेर में दो गायों को काटने की तैयारी की जा रही है।
प्रभारी निरीक्षक रितेश शाह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर दबिश दी। पुलिस को देखते ही दो आरोपी हाथों में चापड़ और छुरी लेकर पीछे के रास्ते से फरार हो गए, जबकि पुलिस ने मौके से अनीश पुत्र यूनुस निवासी सिरचंदी को दबोच लिया।
छापेमारी के दौरान पुलिस को मौके पर दो लाल रंग की गायें बंधी मिलीं। इनमें से एक गाय के शरीर पर धारदार हथियार से चोट के निशान पाए गए। दोनों गौवंश बेहद डरे-सहमे और भूखे हालत में मिले। पुलिस ने मौके से रस्सी, कुल्हाड़ी समेत अन्य गौकशी उपकरण बरामद किए।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ उत्तराखण्ड गौवंश संरक्षण अधिनियम और पशु क्रूरता अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। दोनों गौवंशों को सुरक्षित झीवरेहेड़ी गौशाला भेज दिया गया है। फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक नीरज रावत व कांस्टेबल संजीव यादव शामिल रहे।



