“श्यामपुर को मिली बेहतर ‘इलाज की सौगात’, स्वामी यतीश्वरानंद की पहल से खुला प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र..
स्वास्थ्य सचिव विनय शंकर पांडे और पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद ने किया शुभारंभ: शनिवार से मरीजों को मिलेगी ओपीडी सुविधा, जल्द ट्रामा सेंटर के रूप में विकसित करने की तैयारी..

पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार; हरिद्वार ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के श्यामपुर और आसपास के गांवों के लोगों के लिए स्वास्थ्य सेवाओं के लिहाज से राहत की खबर है। लंबे समय से तैयार प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र अब मरीजों के लिए खुलने जा रहा है। शुक्रवार को चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सचिव विनय शंकर पांडे और भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष व पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों और क्षेत्रीय ग्रामीणों की मौजूदगी में केंद्र का शुभारंभ किया। शनिवार से यहां ओपीडी सेवाएं शुरू करने की तैयारी है। आने वाले समय में केंद्र को ट्रामा सेंटर के तौर पर विकसित करने की भी योजना है।
श्यामपुर क्षेत्र में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की जरूरत लंबे समय से महसूस की जा रही थी। ग्रामीणों को सामान्य उपचार के लिए भी हरिद्वार अथवा अन्य स्थानों का रुख करना पड़ता था। ऐसे में स्थानीय स्तर पर स्वास्थ्य सुविधा शुरू होने से आसपास के गांवों के मरीजों को राहत मिलने की उम्मीद है। पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद ने बताया कि उनके कार्यकाल के दौरान वर्ष 2022 में श्यामपुर में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की स्वीकृति कराई गई थी।
भवन तैयार होने के बावजूद केंद्र में स्वास्थ्य सेवाएं शुरू नहीं हो सकी थीं। क्षेत्रीय लोगों की मांग और मरीजों को होने वाली परेशानियों को देखते हुए उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के उच्चाधिकारियों के समक्ष मामला रखा।इसके बाद स्वास्थ्य सचिव विनय शंकर पांडे शुक्रवार को हरिद्वार स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ श्यामपुर स्थित स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। ग्रामीणों की मौजूदगी में केंद्र का शुभारंभ किया गया और शनिवार से ओपीडी शुरू करने की प्रक्रिया पूरी की गई।
शुभारंभ के दौरान स्वास्थ्य सचिव ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से केंद्र पर मरीजों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने को लेकर जानकारी ली। उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देश दिए कि केंद्र पर डॉक्टरों के साथ आवश्यक मेडिकल व अन्य स्टाफ की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही मरीजों की जरूरत के मुताबिक अन्य स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया। स्वास्थ्य सचिव ने कहा कि केंद्र को चरणबद्ध तरीके से आवश्यक सुविधाओं से लैस किया जाएगा, जिससे क्षेत्र के लोगों को स्थानीय स्तर पर बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें।
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को भविष्य में ट्रामा सेंटर के रूप में विकसित करने की दिशा में भी तैयारी की जा रही है। इसका उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं अथवा गंभीर स्थिति वाले मरीजों को शुरुआती उपचार की सुविधा स्थानीय स्तर पर उपलब्ध कराना है। यदि यहां आवश्यक संसाधन, चिकित्सक और स्टाफ उपलब्ध होते हैं तो आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को तत्काल चिकित्सा सहायता मिल सकेगी। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आरके सिंह, मेला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मनीष दत्त, जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. महिमानंद जोशी और अपर मेला अधिकारी दयानंद सरस्वती समेत स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने स्वास्थ्य सचिव को केंद्र में उपलब्ध व्यवस्थाओं और आगामी तैयारियों के संबंध में जानकारी दी।
स्वामी यतीश्वरानंद ने साधा कांग्रेस विधायक पर निशाना….
पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद ने स्वास्थ्य केंद्र शुरू होने को क्षेत्र के लोगों के लिए महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने कहा कि अब मरीजों को छोटी-बड़ी स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के लिए दूसरे स्थानों पर जाने की परेशानी कम होगी।उन्होंने कांग्रेस विधायक अनुपमा रावत पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि स्वास्थ्य केंद्र तैयार होने के बावजूद इसे शुरू नहीं कराया गया। स्वामी यतीश्वरानंद ने कहा कि चुनाव नजदीक आने पर बिना जनहित के काम किए जनता को बहकाने की कोशिश की जा रही है, जबकि क्षेत्र की जनता वास्तविक स्थिति से परिचित है। उन्होंने यह भी कहा कि श्यामपुर क्षेत्र से जुड़ी अन्य मांगों पर भी काम किया जा रहा है और जल्द ही रवासन नदी पर झूला पुल का कार्य शुरू होने की उम्मीद है।
बड़ी संख्या में ग्रामीण रहे मौजूद…
स्वास्थ्य केंद्र के शुभारंभ के दौरान श्यामपुर, सजनपुर पीली, गाजीवाली समेत आसपास के गांवों के बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। ग्राम प्रधान श्यामपुर योगेश चौहान, ग्राम प्रधान सजनपुर पीली सुनील पाल, ग्राम प्रधान गाजीवाली देवेंद्र नेगी, मंडल महामंत्री सुनील पाल, सीमा चौहान, अजय चौधरी, राकेश, अतर सिंह, सहदेव चौधरी, गजेंद्र पाल, नरेश यादव, नीरज डंडरियाल, भुवन काला समेत अन्य लोग उपस्थित रहे।



