शिक्षाहरिद्वार

“आईआईटी रुड़की दीक्षांत समारोह 2026 में उत्कृष्टता, नवाचार और अनुसंधान पर रहेगा विशेष जोर..

19 और 20 सितंबर को आयोजित होगा दो दिवसीय दीक्षांत समारोह, 2,701 विद्यार्थियों को प्रदान की जाएंगी डिग्रियां..

खबर को सुनें

पंच👊नामा
रुड़की; भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) रुड़की में 19 और 20 सितंबर को आयोजित होने वाले दीक्षांत समारोह 2026 की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। दो दिवसीय समारोह में संस्थान के 2,701 विद्यार्थियों को डिग्रियां प्रदान की जाएंगी। समारोह में राष्ट्रीय सुरक्षा, रक्षा, प्रौद्योगिकी और उद्योग जगत से जुड़े प्रतिष्ठित अतिथि शामिल होंगे। इस दौरान शैक्षणिक उत्कृष्टता के साथ-साथ आधुनिक अनुसंधान, नवाचार और राष्ट्र निर्माण में तकनीकी संस्थानों की भूमिका को भी रेखांकित किया जाएगा।आईआईटी रुड़की की ओर से गुरुवार को आयोजित प्रेस वार्ता में निदेशक प्रो. के.के. पंत ने दीक्षांत समारोह की रूपरेखा और इसके महत्व की जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि समारोह संस्थान के विद्यार्थियों की वर्षों की मेहनत, उपलब्धियों और उनके भविष्य की नई यात्रा का महत्वपूर्ण पड़ाव है। समारोह में राष्ट्रीय और उद्योग जगत के प्रतिष्ठित नेता विद्यार्थियों व संस्थान समुदाय को संबोधित करेंगे।दीक्षांत समारोह का पहला दिन 19 सितंबर 2026 स्नातक (UG) विद्यार्थियों के लिए समर्पित रहेगा। इस अवसर पर राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत कुमार डोभाल मुख्य अतिथि के रूप में समारोह को संबोधित करेंगे। इसके अलावा जनरल एन.एस. राजा सुब्रमणि, पीवीएसएम, एवीएसएम, एसएम, वीएसएम, चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ ऑफ इंडिया एवं सचिव, डिपार्टमेंट ऑफ मिलिट्री अफेयर्स, विशिष्ट अतिथि के रूप में समारोह की शोभा बढ़ाएंगे।20 सितंबर को समारोह का दूसरा दिन स्नातकोत्तर (PG) एवं पीएचडी विद्यार्थियों के लिए समर्पित होगा। इस दिन हीरो मोटोकॉर्प के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) हर्षवर्धन चितले मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित होकर विद्यार्थियों को संबोधित करेंगे। कार्यक्रम में डॉ. कपिल गर्ग, संस्थापक एवं प्रबंध निदेशक, ओरेक्समैक्स एनर्जी प्राइवेट लिमिटेड तथा प्रबंध निदेशक, एशियन एनर्जी सर्विसेज लिमिटेड भी विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे।समारोह की अध्यक्षता अधिवक्ता हरीश साल्वे, पूर्व सॉलिसिटर जनरल ऑफ इंडिया एवं अध्यक्ष, बोर्ड ऑफ गवर्नर्स, आईआईटी रुड़की द्वारा की जाएगी।आईआईटी रुड़की के अनुसार, प्रतिष्ठित अतिथियों की मौजूदगी विद्यार्थियों के सामने उपलब्ध व्यापक अवसरों और जिम्मेदारियों को रेखांकित करेगी। साथ ही शिक्षा, अनुसंधान, नवाचार, राष्ट्रीय प्राथमिकताओं और उद्योग जगत के बीच मजबूत संबंधों को भी सामने लाया जाएगा। निदेशक प्रो. के.के. पंत ने कहा कि दीक्षांत समारोह विद्यार्थियों की शैक्षणिक उपलब्धियों का उत्सव होने के साथ-साथ आईआईटी रुड़की के पूरे समुदाय के लिए गर्व का क्षण है। उन्होंने कहा कि संस्थान विद्यार्थियों में शिक्षा के साथ आलोचनात्मक सोच, अनुसंधान और नवाचार की भावना विकसित करने पर जोर देता है, ताकि वे वास्तविक दुनिया की चुनौतियों का समाधान करने में योगदान दे सकें।आईआईटी रुड़की के उप निदेशक प्रो. प्रवीण कुमार ने कहा कि दीक्षांत समारोह विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत, दृढ़ता और उपलब्धियों का उत्सव है। यह विद्यार्थियों, संकाय सदस्यों, पूर्व छात्रों, अभिभावकों और हितधारकों को एक साथ जोड़ने का अवसर भी प्रदान करता है। वहीं, डीन ऑफ एकेडमिक अफेयर्स प्रो. एन.के. नवानी ने कहा कि दीक्षांत समारोह वर्षों के अध्ययन, अन्वेषण और व्यक्तिगत विकास की यात्रा के समापन का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि आईआईटी रुड़की शिक्षा को कक्षा तक सीमित रखने के बजाय विद्यार्थियों को अनुसंधान, नवाचार और वास्तविक दुनिया की चुनौतियों के समाधान के लिए प्रेरित करता है।प्रेस वार्ता के दौरान दीक्षांत समारोह के लिए तैयार किए गए प्रचार वीडियो का भी लोकार्पण किया गया। इसमें कार्यक्रम की रूपरेखा, संस्थान की उपलब्धियों और विद्यार्थियों की सफलता को दर्शाया गया है।जो लोग व्यक्तिगत रूप से समारोह में उपस्थित नहीं हो पाएंगे, उनके लिए दीक्षांत समारोह का सीधा प्रसारण आईआईटी रुड़की के आधिकारिक YouTube चैनल पर किया जाएगा।आईआईटी रुड़की देश के प्रमुख तकनीकी शिक्षण संस्थानों में शामिल है। संस्थान इंजीनियरिंग, विज्ञान, प्रबंधन, वास्तुकला एवं नियोजन तथा मानविकी एवं सामाजिक विज्ञान सहित विभिन्न क्षेत्रों में उच्च शिक्षा प्रदान करता है। संस्थान के अनुसार, 1847 में स्थापना के बाद से आईआईटी रुड़की ने देश को तकनीकी मानव संसाधन और तकनीकी ज्ञान उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

Advt.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advt.
Back to top button
error: Content is protected !!