“मूसलाधार बारिश से बिगड़े हालात, डीएम मयूर दीक्षित और एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह ने खुद संभाली कमान..
जलभराव वाले क्षेत्रों में पहुंचे अधिकारी, जल निकासी के तत्काल आदेश, नदी किनारे रहने वालों को हाई अलर्ट..

पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार; लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने हरिद्वार शहर की रफ्तार थाम दी है। कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बनने पर प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आया।
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह स्वयं सड़क पर उतरे और जलभराव प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण कर अधिकारियों को मौके पर ही त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।
इस दौरान हरिद्वार पुलिस भी सड़क पर डटी रही और लोगों को सुरक्षित मार्गों से उनके गंतव्य तक पहुंचाने के साथ यातायात व्यवस्था संभालती रही।
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने भगत सिंह चौक, रानीपुर मोड़, कनखल स्थित गुरुबख्श विहार व राष्ट्रीय राजमार्ग पर भूमनानंद अस्पताल के निकट जलभराव वाले क्षेत्रों का निरीक्षण कर हालात का जायजा लिया।
उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि जल निकासी का कार्य तत्काल शुरू किया जाए ताकि आमजन को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। वहीं एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह ने जलभराव वाले स्थानों पर स्वयं मोर्चा संभालते हुए
पुलिस अधिकारियों के साथ यातायात व्यवस्था का निरीक्षण किया और आवश्यक स्थानों पर ट्रैफिक डायवर्ट कराने के निर्देश दिए, जिससे जाम और दुर्घटनाओं जैसी स्थिति से बचा जा सके।
हरिद्वार पुलिस लगातार सड़क पर मौजूद रहकर लोगों को सुरक्षित मार्गों की जानकारी देती रही और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने की अपील करती रही।
पुलिस ने नागरिकों से आग्रह किया कि मौसम विभाग के भारी बारिश के अलर्ट को देखते हुए केवल अत्यंत आवश्यक होने पर ही घरों से निकलें व पूरी सावधानी बरतें।
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसी भी क्षेत्र से जलभराव की सूचना मिलते ही तत्काल राहत एवं जल निकासी की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि सभी विभाग पूरी सतर्कता और मुस्तैदी के साथ कार्य करें ताकि किसी भी आपात स्थिति का प्रभावी ढंग से सामना किया जा सके।
डीएम ने जनपदवासियों, कांवड़ यात्रियों, श्रद्धालुओं और विशेष रूप से गंगा और अन्य नदी किनारे रहने वाले लोगों से अपील की कि लगातार बारिश के कारण गंगा का जलस्तर बढ़ सकता है। ऐसे में अनावश्यक रूप से नदी, घाटों और जलभराव वाले क्षेत्रों की ओर जाने से बचें, प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।
निरीक्षण के दौरान नगर मजिस्ट्रेट हरगिरी, जिला सूचना अधिकारी रती लाल शाह, यातायात निरीक्षक संदीप नेगी, जल निगम के सहायक अभियंता सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे।



