“गबन के आरोपी ग्राम पंचायत विकास अधिकारी पर कार्रवाई में देरी पर भड़का ‘सुराज सेवा दल’ डीपीआरओ से मांगा जवाब, (देखें वीडियो)..

पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार: सुराज सेवा दल के प्रदेश अध्यक्ष रमेश जोशी ने जिला पंचायत राज अधिकारी (डीपीआरओ) से मुलाकात कर ग्राम पंचायत विकास अधिकारी शंकरदीप सैनी पर दर्ज गबन के मामले में कार्रवाई में हो रही देरी को लेकर कड़ा सवाल उठाया। जोशी ने आरोप लगाया कि मुकदमा पंजीकृत होने के बावजूद विभाग की ओर से प्रभावी पैरवी नहीं की गई और न ही टर्मिनेशन की फाइल आगे बढ़ाई गई, जिससे कई सवाल खड़े हो रहे हैं।
रमेश जोशी ने डीपीआरओ से सीधे सवाल करते हुए पूछा कि आखिर आरोपी अधिकारी को बचाने की कोशिश क्यों की जा रही है और इस पूरे मामले में विभागीय स्तर पर किसकी संलिप्तता है। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत विकास अधिकारी का कोई निजी पैसा नहीं होता, बल्कि यह आम जनता के खून-पसीने और टैैक्स की कमाई का पैसा है, जिसके गबन को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जा सकता।
इस दौरान डीपीआरओ ने अपनी सफाई पेश करते हुए कहा कि संबंधित अधिकारी को अंतिम जवाब देने के लिए 10 दिन का समय दिया गया है और निर्धारित अवधि पूरी होते ही आवश्यक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि मामले में नियमानुसार कदम उठाए जाएंगे।
वहीं सुराज सेवा दल के प्रदेश अध्यक्ष रमेश जोशी ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि इस मामले में किसी प्रकार का राजनीतिक दबाव बनाकर कार्रवाई को प्रभावित करने की कोशिश की गई, तो संगठन के कार्यकर्ता मुख्यमंत्री आवास और पंचायती राज मंत्री के आवास पर प्रदर्शन और हड़ताल करने को मजबूर होंगे। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार के मामलों में किसी भी तरह की ढिलाई अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी।



