
पंच👊नामा-ब्यूरो
ऋषिकेश: विजिलेंस विभाग ने भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत जल विद्युत निगम में तैनात जूनियर इंजीनियर फैजल खान को 50 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी मूल रूप से काशीपुर का निवासी बताया जा रहा है। कार्रवाई के बाद विभागीय हलकों में हड़कंप मच गया।
बताया गया कि एक ठेकेदार ने विजिलेंस से शिकायत की थी कि उसका भुगतान जारी करने के एवज में जेई फैजल खान रिश्वत की मांग कर रहा है। शिकायत मिलने के बाद विजिलेंस टीम ने मामले का सत्यापन कराया, जिसमें आरोप सही पाए गए। इसके बाद देहरादून विजिलेंस की टीम ने ऋषिकेश में जाल बिछाकर आरोपी को रिश्वत लेते हुए पकड़ लिया।
कार्रवाई के दौरान विजिलेंस अधिकारियों ने आरोपी के कब्जे से रिश्वत की रकम भी बरामद कर ली। गिरफ्तारी के बाद विजिलेंस टीम आरोपी जेई को अपने साथ देहरादून ले गई, जहां उससे पूछताछ और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
विजिलेंस अधिकारियों का कहना है कि भ्रष्टाचार के मामलों में लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है और रिश्वतखोरी किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पिछले कुछ समय से विभिन्न विभागों में रिश्वत लेने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है, जिससे सरकारी महकमों में हड़कंप की स्थिति बनी हुई है।



