
पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार: जानलेवा चाइनीज मांझा एक बार फिर पुलिस की सख्ती के घेरे में आ गया। आमजन की जान के लिए खतरा बन चुके चाइनीज मांझे की अवैध बिक्री पर ज्वालापुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में मांझा बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध मांझा कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र डोबाल के स्पष्ट निर्देशों पर जनपदभर में चाइनीज मांझे के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में ज्वालापुर कोतवाली पुलिस को अवैध रूप से चाइनीज मांझा बेचने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे।
इन निर्देशों के अनुपालन में ज्वालापुर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कुंदन सिंह राणा के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित कर पूरे ज्वालापुर बाजार क्षेत्र में पतंग व मांझा बेचने वाली दुकानों पर सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। इसी दौरान मुखबिर खास से सूचना मिली कि मोहल्ला लोधा मंडी मेहतान में एक बंद कमरे के अंदर भारी मात्रा में अवैध चाइनीज मांझा रखा गया है।
सूचना पर कार्रवाई करते हुए वरिष्ठ उप निरीक्षक खेमेन्द्र गंगवार मय पुलिस टीम के मौके पर पहुँचे, कमरे का दरवाजा खुलवाकर चेकिंग के दौरान एक व्यक्ति मौके से फरार होने का प्रयास करने लगा, जिसे पुलिस ने घेराबंदी कर दबोच लिया। पूछताछ व तलाशी में आरोपी ने अपना नाम दानिश पुत्र तय्यब, निवासी मोहल्ला लोधा मंडी मेहतान, कोतवाली ज्वालापुर बताया।
कमरे के अंदर रखे दो प्लास्टिक के कट्टों की जांच करने पर उनमें भारी मात्रा में अवैध चाइनीज मांझा बरामद हुआ। पुलिस ने मौके पर ही 133 गट्टू चाइनीज मांझा सील कर नमूना मोहर लिया और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। अवैध चाइनीज मांझे की बिक्री के संबंध में कोतवाली ज्वालापुर पर मुकदमा पंजीकृत किया गया है। आरोपी को आवश्यक कार्रवाई के बाद न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा।
पुलिस टीम…..
1:- वरिष्ठ उप निरीक्षक खेमेन्द्र गंगवार
2:- अपर उप निरीक्षक गंभीर तोमर
3:- हेड कांस्टेबल गोवर्धन प्रसाद
4:- कांस्टेबल गणेश तोमर
5:- कांस्टेबल अमित गौड़
6:- कांस्टेबल राजेश बिष्ट
7:- कांस्टेबल ताजबर सिंह



