“नवरात्र से पहले हरिद्वार पुलिस का ‘मोबाइल वाला तोहफा’: 120 फोन बरामद, पचास लाख की रिकवरी से खिले चेहरे..
एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर चला ऑपरेशन रिकवरी, CEIR के जरिए देशभर से ढूंढ निकाले खोए मोबाइल..

पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार: नवरात्र शुरू होने से ठीक एक दिन पहले और रमजान के पाक मौके पर हरिद्वार पुलिस ने ऐसा काम कर दिखाया, जिसने सैकड़ों लोगों के चेहरों पर फिर से मुस्कान लौटा दी।
ऑपरेशन रिकवरी (CEIR) के तहत खोए हुए मोबाइल फोन वापस पाकर लोग जहां खुश नजर आए, वहीं पुलिस की इस पहल को त्योहारों का खास तोहफा बताया जा रहा है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर जनपदभर में चलाए जा रहे ऑपरेशन रिकवरी अभियान के तहत सभी थाना प्रभारियों को CEIR पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे। इसी क्रम में पुलिस ने तकनीकी सहायता और अन्य माध्यमों से खोए मोबाइल फोन की तलाश तेज की।
इन्हीं निर्देशों के अनुपालन में कोतवाली नगर हरिद्वार में प्रभारी निरीक्षक रितेश शाह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने शानदार काम करते हुए 120 खोए हुए मोबाइल फोन बरामद कर डाले।
बरामद मोबाइलों की कुल कीमत करीब 50 लाख रुपये आंकी गई है। खास बात यह रही कि ये मोबाइल उत्तराखंड ही नहीं, बल्कि उत्तर प्रदेश, गुजरात, सिक्किम, महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश, पंजाब, मध्य प्रदेश, राजस्थान, हरियाणा और जम्मू-कश्मीर समेत कई राज्यों से रिकवर किए गए।
दूर-दराज राज्यों के 37 मोबाइल स्वामी कोतवाली नगर हरिद्वार तक नहीं पहुंच सके, ऐसे में हरिद्वार पुलिस ने संवेदनशीलता दिखाते हुए उनके मोबाइल फोन कूरियर के माध्यम से उनके घर तक पहुंचाने की व्यवस्था की है।
वहीं, जिन मोबाइल स्वामियों को उनके फोन मौके पर सौंपे गए, उन्होंने हरिद्वार पुलिस की कार्यशैली की जमकर सराहना करते हुए धन्यवाद दिया।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी का मोबाइल फोन खो जाता है तो घबराएं नहीं, बल्कि तुरंत नजदीकी थाने में सूचना दें। हरिद्वार पुलिस आपके मोबाइल को जल्द से जल्द ढूंढकर वापस दिलाने का पूरा प्रयास करेगी।
बरामद मोबाइल फोन का विवरण…..
Vivo – 21
Oppo – 19
Samsung – 11
Realme – 24
Moto – 09
Redmi – 16
OnePlus – 10
Tecno – 02
Poco – 03
Xiaomi – 02
iQOO – 03
कुल बरामद मोबाइल: 120
कुल कीमत: लगभग ₹50,00,000
पुलिस टीम…..
रितेश शाह – प्रभारी निरीक्षक, कोतवाली नगर हरिद्वार
व0उ0नि0 नन्दकिशोर ग्वाड़ी
उ0नि0 चरण सिंह चौहान
उ0नि0 ब्रह्मदत्त बिजल्वाण
उ0नि0 संजीत कण्डारी
कानि0 ना0पु0 राकेश सिंह
कानि0 निर्मल



