पंच👊नामा-ब्यूरो
उधमसिंहनगर: जसपुर क्षेत्र में गैर जमानती वारंटी को गिरफ्तार करने पहुंची पुलिस टीम पर आरोपियों के परिजनों ने अचानक हमला बोल दिया। लाठी-डंडों और पाठल से किए गए जानलेवा हमले में पुलिस कर्मियों ने किसी तरह अपनी जान बचाई। मामले में पुलिस ने ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए सास-बहू को गिरफ्तार कर लिया, जबकि मुख्य आरोपी सुखविंदर सिंह समेत पांच आरोपी फरार बताए जा रहे हैं। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मचा हुआ है।
एसएसपी अजय गणपति के निर्देश पर पुलिस ने हमलावरों के खिलाफ बीएनएस की गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों का गठन कर दिया है। साथ ही सोशल मीडिया पर भ्रामक और तथ्यहीन पोस्ट कर पुलिस की छवि धूमिल करने वालों को भी चेतावनी दी गई है।
जानकारी के अनुसार न्यायालय न्यायिक मजिस्ट्रेट जसपुर द्वारा आबकारी अधिनियम में आरोपी सुखविंदर सिंह निवासी भोगपुर डाम नंबर-2 जसपुर के खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी किया गया था। वारंट की तामील के लिए शुक्रवार रात करीब नौ बजे चौकी प्रभारी पतरामपुर गोविंद सिंह मेहता और कांस्टेबल सुभाष डुंगरियाल पुलिस टीम के साथ आरोपी के घर पहुंचे।
बताया गया कि पुलिस टीम ने जैसे ही सुखविंदर सिंह को वारंट की जानकारी देकर हिरासत में लिया, तभी उसने शोर मचाकर अपने परिजनों और रिश्तेदारों को मौके पर बुला लिया। आरोप है कि शीलो कौर, मंजीत कौर, मंगत सिंह, संदीप सिंह, राजू सिंह और जगपाल सिंह उर्फ जस्सा हाथों में लाठी-डंडे और पाठल लेकर मौके पर पहुंच गए और पुलिस टीम को घेर लिया।
इस दौरान आरोपियों ने पुलिस टीम के साथ गाली-गलौच करते हुए वारंटी को छोड़ने का दबाव बनाया। आरोप है कि शीलो कौर ने उपनिरीक्षक गोविंद मेहता के हाथ से वारंट छीनने की कोशिश की, जिससे वारंट का कुछ हिस्सा फट गया। इसके बाद सभी आरोपी एक राय होकर पुलिस टीम पर हमला करने लगे।
पुलिस के मुताबिक संदीप सिंह ने पाठल से पुलिस कर्मियों पर जानलेवा वार किया, जिसे पुलिस टीम ने किसी तरह बचकर टाल दिया। यदि पुलिसकर्मी समय रहते खुद को नहीं बचाते तो बड़ा हादसा हो सकता था। हमले के बीच पुलिस टीम किसी तरह मौके से निकली और उच्च अधिकारियों को मामले की सूचना दी।
घटना का संज्ञान लेते हुए एसएसपी अजय गणपति ने तत्काल सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद कोतवाली जसपुर में सम्बंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी सुखविंदर सिंह की मां शीलो कौर और पत्नी मंजीत कौर को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं मुख्य आरोपी सुखविंदर सिंह, मंगत सिंह, संदीप सिंह, राजू सिंह और जगपाल सिंह उर्फ जस्सा अभी फरार हैं। पुलिस उनकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है।
पुलिस अधिकारियों ने साफ किया कि घटना को लेकर सोशल मीडिया पर कुछ लोगों द्वारा भ्रामक तथ्यों के आधार पर पुलिस की छवि खराब करने की कोशिश की जा रही है। ऐसे लोगों पर भी नजर रखी जा रही है और आवश्यक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।



