“CID देहरादून स्थानांतरण पर डीएसपी नताशा सिंह को दी गई भावभीनी विदाई..
एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने स्मृति चिह्न भेंट कर सराहा उत्कृष्ट कार्यकाल..

पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार: जनपद हरिद्वार के रूड़की में सीओ पद पर तैनात नताशा सिंह के सीआईडी देहरादून स्थानांतरण होने पर पुलिस कार्यालय रोशनाबाद में विदाई समारोह आयोजित किया गया। समारोह में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार नवनीत सिंह भुल्लर सहित जनपद के कई पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
इस अवसर पर एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने डीएसपी नताशा सिंह को स्मृति चिह्न भेंट कर उनके उत्कृष्ट कार्यकाल, अनुशासित कार्यशैली व जनसेवा के प्रति समर्पण की सराहना की। उन्होंने कहा कि नताशा सिंह ने अपने कार्यकाल के दौरान टीम भावना, संवेदनशील पुलिसिंग और प्रभावी नेतृत्व का परिचय देते हुए विभागीय जिम्मेदारियों का कुशलतापूर्वक निर्वहन किया। उनके योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा।
समारोह के दौरान एसपी क्राइम, एसपी देहात सहित अन्य अधिकारियों ने भी डीएसपी नताशा सिंह के कार्यों की प्रशंसा करते हुए नई जिम्मेदारी के सफल निर्वहन के लिए शुभकामनाएं दीं। विदाई समारोह का माहौल आत्मीयता और सम्मान से भरा नजर आया, जहां सहकर्मियों ने उनके साथ बिताए अनुभवों को साझा किया।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित अधिकारियों व पुलिसकर्मियों ने डीएसपी नताशा सिंह के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें नई तैनाती के लिए शुभकामनाओं के साथ विदा किया।



