
पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार: कॉकरोच जनता पार्टी की तर्ज पर हरिद्वार में सोशल मीडिया पर खुद को अलग पहचान देने और इलाके में दबदबा बनाने की कोशिश कर रहे कथित “मकड़ा गैंग” पर श्यामपुर पुलिस ने बड़ा प्रहार किया है। बाइक और कारों पर “मकड़ा” चिन्ह लगाकर गैंग के रूप में घूम रहे युवकों का हुड़दंग आखिरकार पुलिस की नजर में आ गया।
गाजीवाली क्षेत्र में लाठी-डंडों के साथ उत्पात मचा रहे युवकों को पुलिस ने दबोच लिया। पुलिस जांच में इनके सोशल मीडिया अकाउंट्स से कई आपत्तिजनक वीडियो भी सामने आए हैं, जिनमें गैंगस्टर स्टाइल में रील और प्रदर्शन किए जा रहे थे।
एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” अभियान के तहत जिलेभर में कानून व्यवस्था बिगाड़ने वाले तत्वों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के तहत श्यामपुर क्षेत्र में सक्रिय ऐसे युवकों पर पुलिस ने शिकंजा कसते हुए साफ संदेश दिया है
कि कानून हाथ में लेने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। हरिद्वार पुलिस ने युवाओं से पढ़ाई और करियर पर फोकस करने की अपील करते हुए चेतावनी दी है कि हुड़दंग और गैंगबाजी का रास्ता चुना तो कठोर कार्रवाई तय है।
थाना प्रभारी नितेश शर्मा के नेतृत्व में थाना श्यामपुर पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्राम गाजीवाली क्षेत्र में कुछ युवक मोटरसाइकिलों और कारों के साथ गैंग बनाकर लड़ाई-झगड़ा और हुड़दंग कर रहे हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पांच युवकों को हिरासत में लेकर धारा 170 बीएनएसएस के तहत कार्रवाई की गई। जांच में सामने आया कि सभी युवक अपने वाहनों पर “मकड़ा” चिन्ह का इस्तेमाल कर गैंग की पहचान बना रहे थे। पुलिस ने पूरे गैंग को एक साथ पकड़कर उनके खिलाफ अग्रिम वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार थाना क्षेत्र में ऐसे गैंगों के सदस्यों का अलग रजिस्टर तैयार किया जा रहा है और उनकी गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जाएगी। पकड़े गए आरोपियों में मोहित पुत्र राजकुमार, देव पुत्र संजीत, सन्नी पुत्र प्रमोद,
परवेज पुत्र विद्या रत्न और योगेश शर्मा पुत्र मोहन शर्मा निवासी ग्राम कांगड़ी, थाना श्यामपुर, जनपद हरिद्वार शामिल हैं। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में अपर उपनिरीक्षक रविंद्र गोड़, हेडकांस्टेबल विकास भट्ट, हेडकांस्टेबल बृजमोहन सिंह और हेडकांस्टेबल कुलदीप सिंह शामिल रहे।



