
पंच👊नामा-ब्यूरो
देहरादून: एक साल पहले हुई सनसनीखेज हत्या की गुत्थी को दून पुलिस ने सुलझाते हुए पूरे साजिशी खेल का पर्दाफाश कर दिया। जाखन स्थित कृष्णा विहार में हुई अजय भटेजा हत्याकांड में पुलिस ने 25 हजार रुपये की ईनामी आरोपी हुमेरा उर्फ जोया को सहारनपुर से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस जांच में सामने आया कि प्रॉपर्टी विवाद के चलते मृतक के सौतेले भाई ने ही सुपारी देकर हत्या कराई थी। हत्या को आत्महत्या दिखाने के लिए शव को पंखे से लटकाने की कोशिश भी की गई, लेकिन आरोपी इसमें सफल नहीं हो सके।
एसएसपी देहरादून प्रमेन्द्र डोबाल के निर्देश पर चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत पुलिस लगातार फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थी। घटना की गंभीरता को देखते हुए थाना राजपुर और एसओजी की संयुक्त टीम गठित की गई। मोबाइल सर्विलांस, सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर तंत्र की मदद से पुलिस ने पहले घटना को अंजाम देने वाले शार्प शूटर राजन उर्फ जैकी को गिरफ्तार किया था। उसी से हुई पूछताछ में उसकी प्रेमिका हुमेरा उर्फ जोया की भूमिका सामने आई।
एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने प्रेस कांफ्रेंस कर जानकारी देते हुए बताया कि 26 मई 2025 को जीएमएस रोड निवासी जतिन कुमार ने थाना राजपुर में अपने ममेरे भाई अजय भटेजा की हत्या की सूचना दी थी। पुलिस जांच में पता चला कि मृतक अजय भटेजा और उसके भाई अमित भटेजा के बीच प्रॉपर्टी को लेकर विवाद चल रहा था। इसी विवाद के चलते अमित ने राजन उर्फ जैकी को अपने भाई की हत्या की सुपारी दी थी और बदले में प्रॉपर्टी में हिस्सा देने का लालच दिया था।
राजपुर थानाध्यक्ष पी.डी. भट्ट के नेतृत्व में पुलिस टीम ने पूरे मामले की तह तक पहुंचते हुए खुलासा किया कि आरोपी राजन अपनी प्रेमिका हुमेरा उर्फ जोया और अन्य साथियों के साथ देहरादून पहुंचा था। सभी लोग पहले मैक्स अस्पताल में भर्ती अपने परिचित को देखने के बहाने आए और रात में अजय भटेजा के घर रुके। योजना के मुताबिक पहले अजय को शराब पिलाकर उससे प्रॉपर्टी के कागजात लेने की कोशिश की गई। लेकिन जब अजय ने कागजात देने से इनकार किया तो राजन ने उसके साथ मारपीट करते हुए तकिए से मुंह दबाकर उसकी हत्या कर दी।
हत्या के बाद आरोपियों ने पूरे मामले को आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की। पुलिस के अनुसार राजन और हुमेरा ने शव को पंखे से लटकाने का प्रयास किया, लेकिन असफल रहने पर कमरे की सफाई कर साक्ष्य मिटाने की कोशिश की गई। इतना ही नहीं, कमरे में लगे सीसीटीवी कैमरों की डीवीआर और कुछ अहम कागजात भी आरोपी अपने साथ ले गए। घटना के बाद दोनों बस से सहारनपुर फरार हो गए थे।
पुलिस ने फरार चल रही हुमेरा उर्फ जोया पुत्री पप्पू निवासी खालापार, मुज्जफरनगर उत्तर प्रदेश को सहारनपुर से गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मामले में वांछित अमित भटेजा की तलाश जारी है। पूर्व में जैकी उर्फ राजन पुत्र शिवलाल निवासी उमाही कला, थाना रामपुर मनिहारान, जिला सहारनपुर को गिरफ्तार किया जा चुका है।
पुलिस टीम में थानाध्यक्ष पी.डी. भट्ट, वरिष्ठ उपनिरीक्षक प्रवेश रावत, उपनिरीक्षक अनित कुमार, महिला उपनिरीक्षक सीमा चौहान, कांस्टेबल विशाल कुमार व एसओजी टीम से कांस्टेबल विपिन कुमार, कांस्टेबल अमित व कांस्टेबल आशीष शर्मा शामिल रहे।



