
पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार: अपराध और नशे के खिलाफ सिडकुल पुलिस का ताबड़तोड़ एक्शन देखने को मिला। एक ओर पुलिस ने स्मैक तस्करी पर बड़ी चोट करते हुए 17.15 ग्राम स्मैक के साथ एक आरोपी को दबोच लिया, वहीं दूसरी ओर चोरी की वारदात का खुलासा करते हुए चोरी का माल बरामद कर शातिर युवक को गिरफ्तार कर लिया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर जनपदभर में अवैध मादक पदार्थों, चोरी और आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना सिडकुल पुलिस को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे, जिसके बाद पुलिस टीमों को अलग-अलग क्षेत्रों में सक्रिय किया गया।
थाना प्रभारी अजय शाह के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए महादेवपुरम क्षेत्र स्थित ESME कंपनी के सामने से कफील बैग पुत्र नौशाद निवासी टांडा भनेड़ा, कोतवाली मंगलौर को गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से 17.15 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई। इस संबंध में थाना सिडकुल में NDPS एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपी को आवश्यक कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश कर रही है।
उधर, चोरी के एक मामले में भी सिडकुल पुलिस ने तेजी दिखाते हुए बड़ी सफलता हासिल की। 22 मई को रोशनाबाद निवासी सुंदर पाल द्वारा घर में घुसकर ई-रिक्शा चार्जर, गैस सिलेंडर और नकदी चोरी किए जाने की शिकायत दर्ज कराई गई थी।
मामले की विवेचना के दौरान पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर पुलिस लाइन तिराहे से आगे आईटीआई के पास दबिश देकर प्रियांशु पुत्र अमरपाल उर्फ कल्लू निवासी कोर्ट कॉलोनी झुग्गी-झोपड़ी, थाना सिडकुल को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से चोरी किया गया ई-रिक्शा चार्जर, इंडेन गैस सिलेंडर तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की गई। मुकदमे में संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी भी की गई है।
स्मैक तस्करी मामले में कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में थाना अध्यक्ष अजय शाह, उपनिरीक्षक इंद्रजीत सिंह राणा, कांस्टेबल कुलदीप डिमरी और कांस्टेबल कुलदीप सिंह शामिल रहे। वहीं चोरी के खुलासे में एडिशनल उपनिरीक्षक अनिल कुमार सैनी, हेड कांस्टेबल कुलदीप बगासी और कांस्टेबल मनीष कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।



