“डॉ. प्रदीप चौधरी बने उत्तराखंड गुर्जर महासभा के नए प्रदेश अध्यक्ष..
प्रदेशभर के गुर्जर समाज की डायरेक्ट्री तैयार कराने का ऐलान, जरूरतमंदों को मिलेगा सहयोग..

पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार: उत्तराखंड गुर्जर महासभा की वार्षिक बैठक में डॉ. प्रदीप चौधरी को सर्वसम्मति से महासभा का प्रदेश अध्यक्ष चुना गया। ज्वालापुर स्थित गुर्जर भवन में आयोजित बैठक में समाज के वरिष्ठ पदाधिकारियों और गणमान्य लोगों की मौजूदगी में यह निर्णय लिया गया। नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष डॉ. प्रदीप चौधरी ने समाज को एकजुट करते हुए सहयोग और संगठन को मजबूत बनाने का संकल्प लिया।
बैठक में निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष डॉ. रामकुमार ने डॉ. प्रदीप चौधरी के नाम का प्रस्ताव रखा, जिस पर उपस्थित सभी सदस्यों ने सहमति जताते हुए उन्हें नई जिम्मेदारी सौंपी। अध्यक्ष चुने जाने के बाद डॉ. प्रदीप चौधरी ने कहा कि उत्तराखंड में निवासरत गुर्जर समाज के सभी लोगों, चाहे वे सामान्य व्यवसाय से जुड़े हों या सरकारी सेवाओं में कार्यरत हों, उनकी एक विस्तृत डायरेक्ट्री तैयार कराई जाएगी। इससे जरूरत के समय समाज के लोग एक-दूसरे के सहयोग के लिए आसानी से आगे आ सकेंगे। उन्होंने कहा कि गुर्जर समाज ने शिक्षा, खेल, व्यवसाय और प्रशासनिक सेवाओं समेत विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। समाज की प्रतिभाओं ने हर मंच पर अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे नशे और दुर्व्यसनों से दूर रहकर शिक्षा के साथ-साथ समाजसेवा के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाएं।
हरिद्वार गुर्जर महासभा के अध्यक्ष चौधरी जगपाल सिंह ने कहा कि गुर्जर समाज हमेशा सभी वर्गों और समाजों को साथ लेकर चलने में विश्वास रखता है। उन्होंने नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष से समाज को और अधिक संगठित एवं मजबूत बनाने की अपील की। बैठक में जगपाल सिंह चौहान, सुरेश कुमार, मंगलेश पंवार, राहुल बैसला, सुधांशु, नीरज राणा, चौधरी तेजपाल सिंह, चौधरी नरेश अवाना, चौधरी पवन सिंह, महावीर, महेंद्र प्रधान, बिजेंद्र पंवार, नागेंद्र कुमार, प्रवीण, अजय, राजकुमार चौधरी समेत बड़ी संख्या में समाज के पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे।



