पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार: सिडकुल क्षेत्र में देर रात फैक्टरी कर्मचारी से चाकू की नोक पर लूट की वारदात सामने आई है। बाइक सवार बदमाशों ने कर्मचारी को रास्ते में रोककर पहले साइकिल समेत नीचे गिराया, फिर गर्दन पर चाकू सटाकर मोबाइल फोन लूट लिया। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक अंगद प्रसाद साहू मूल रूप से मध्य प्रदेश के शहडोल के रहने वाले हैं और वर्तमान में सिडकुल स्थित एक फैक्टरी में काम करते हैं। वह नवोदय नगर में किराये के मकान में रह रहे हैं। अंगद ने पुलिस को बताया कि 22 मई की रात करीब साढ़े 11 बजे वह सिडकुल स्थित रॉयल साइन प्लास्टिक कंपनी से ड्यूटी खत्म कर साइकिल से घर लौट रहे थे।
बताया गया कि जैसे ही वह आईएमसी चौक के पास पहुंचे, तभी बाइक सवार दो युवक उनके पीछे आ गए। आरोप है कि बदमाशों ने अचानक उनका रास्ता रोक लिया। इससे पहले कि वह कुछ समझ पाते, एक युवक ने उन्हें साइकिल समेत नीचे गिरा दिया। विरोध करने पर दूसरे बदमाश ने उनकी गर्दन पर चाकू सटा दिया और जान से मारने की धमकी दी।
डरे-सहमे अंगद कुछ कर पाते, उससे पहले ही बदमाश उनकी जेब से करीब 21 हजार रुपये कीमत का मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए। घटना के बाद पीड़ित ने किसी तरह पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही सिडकुल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के क्षेत्र में बदमाशों की तलाश की, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं लग पाया।
थाना प्रभारी अजय शाह ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। घटना स्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस को उम्मीद है कि फुटेज के आधार पर जल्द आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।



