“हरिद्वार में एनडीआरएफ ने छात्राओं को सिखाये आपदा प्रबंधन के गुर, सीपीआर, भूकंप बचाव और रक्तस्राव नियंत्रण का दिया प्रशिक्षण..

पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार: ग्रीष्मकालीन अवकाश शुरू होने से पहले छात्राओं को आपदा संबंधी जोखिमों और जीवन रक्षक उपायों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से राष्ट्रीय आपदा मोचन बल की 15वीं वाहिनी की ओर से पीएम श्री गर्ल्स इंटर कॉलेज, ज्वालापुर में विद्यालय सुरक्षा कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व टीम कमांडर निरीक्षक/जीडी त्रेपन सिंह ने किया।
कार्यक्रम में छात्राओं और शिक्षकों को प्राकृतिक आपदाओं के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों और सुरक्षा उपायों की जानकारी दी गई। एनडीआरएफ टीम ने सीपीआर, एफबीएओ और बीएलएस जैसी जीवन रक्षक प्रक्रियाओं का व्यावहारिक प्रदर्शन कर छात्राओं को प्रशिक्षण दिया।
इसके साथ ही रक्तस्राव नियंत्रण तकनीक, अस्थायी स्ट्रेचर निर्माण, आपातकालीन एवं गैर-आपातकालीन मूव्स, इम्प्रोवाइज्ड फ्लोटिंग डिवाइस तथा भूकंप के दौरान सुरक्षित निकासी और बचाव उपायों का अभ्यास भी कराया गया।
टीम कमांडर निरीक्षक त्रेपन सिंह ने छात्राओं को बताया कि आपदा के समय घबराने के बजाय सतर्कता और सही प्रशिक्षण से कई लोगों की जान बचाई जा सकती है। उन्होंने कहा कि प्राथमिक उपचार और बचाव संबंधी जानकारी हर व्यक्ति के लिए जरूरी है।
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को I.GOT ऐप के माध्यम से आपदा प्रबंधन संबंधी डिजिटल प्रशिक्षण और ऑनलाइन ज्ञानवर्धन की जानकारी भी दी गई। टीम ने छात्राओं को आधुनिक तकनीक का उपयोग कर स्वयं को आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में प्रशिक्षित करने के लिए प्रेरित किया।
विद्यालय में आयोजित इस जागरूकता अभियान में कुल 1582 लाभार्थियों ने सहभागिता की, जिनमें 22 शिक्षक और 1560 छात्राएं शामिल रहीं। कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने उत्साहपूर्वक विभिन्न गतिविधियों में भाग लिया और आपदा प्रबंधन से जुड़े सवाल भी पूछे।
समापन अवसर पर विद्यालय की प्रधानाचार्या पूनम राणा ने एनडीआरएफ टीम का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम छात्राओं के लिए बेहद उपयोगी हैं और भविष्य में भी ऐसे जागरूकता अभियान आयोजित किए जाने चाहिए। विद्यालय परिवार की ओर से एनडीआरएफ टीम को शुभकामनाएं भी दी गईं।



