
पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार: बहुचर्चित कोर कॉलेज गोलीकांड में बहादराबाद पुलिस को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। दिनदहाड़े हुई फायरिंग की वारदात से इलाके में फैली दहशत के बीच पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मामले का पर्दाफाश कर दिया। पुलिस ने घटना में शामिल फरार आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल स्कॉर्पियो और अवैध तमंचा बरामद किया है। आरोपी के पास से एक जिंदा कारतूस भी मिला है।
एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर जनपदभर में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत इस मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे। पुलिस ने मुकदमा दर्ज करने के बाद तकनीकी और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर जांच को तेजी से आगे बढ़ाया।
प्रभारी निरीक्षक अमरजीत सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घटना से जुड़े तमाम पहलुओं की गहन पड़ताल की। सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए, फील्ड यूनिट की मदद से वाहन का वैज्ञानिक परीक्षण कराया गया और लगातार दबिश देकर आरोपियों की तलाश की गई।
उपनिरीक्षक हेमदत्त भारद्वार की टीम ने सटीक सूचना के आधार पर वांछित आरोपी मंजीत पुत्र औंकार सिंह निवासी शिव गंगा विहार कॉलोनी, शान्तरशाह, थाना बहादराबाद को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त स्कॉर्पियो और एक अवैध 315 बोर तमंचा सहित जिंदा कारतूस बरामद किया गया। बरामदगी के बाद मुकदमे में आर्म्स एक्ट बढ़ोतरी भी की गई है।
पुलिस जांच में सामने आया कि बीती 12 मई को वादी विजय भाई निवासी टिकोला कला, मंगलौर का कुछ अज्ञात लोगों ने पीछा करते हुए उनके वाहन पर फायरिंग की थी। मामले में 18 मई को थाना बहादराबाद में मुकदमा दर्ज कराया गया था। अब पुलिस इस घटना में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक हेमदत्त भारद्वाज और कांस्टेबल बलवन्त सिंह शामिल रहे।



