
पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार: सिडकुल क्षेत्र में चाकू की नोक पर मोबाइल लूट की वारदात को अंजाम देने वाले दो बदमाश आखिरकार पुलिस के शिकंजे में आ गए। बाइक सवार बदमाशों ने IMC चौक पर राह रोककर युवक से मोबाइल लूटा था, लेकिन सिडकुल पुलिस ने तेजी दिखाते हुए दोनों आरोपियों को दबोच लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया मोबाइल, वारदात में इस्तेमाल चाकू और मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर जनपदभर में अपराधियों और अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सिडकुल पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में थाना सिडकुल पुलिस ने मोबाइल लूट की घटना को गंभीरता से लेते हुए मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की।
थाना प्रभारी अजय शाह के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस लाइन तिराहे के पास से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उनकी पहचान हसन पुत्र पप्पू निवासी लखीमपुर खीरी हाल निवासी रावली महदूद और आशु पुत्र सियानंद निवासी रावली महदूद हाल निवासी आनेकी, सिडकुल के रूप में हुई। पुलिस ने उनके कब्जे से यूपी नम्बर की स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल, घटना में इस्तेमाल चाकू और लूटा गया मोबाइल बरामद किया।
पुलिस के अनुसार 22 मई को अंगद प्रसाद साहू निवासी मध्य प्रदेश हाल निवासी नवोदय नगर ने शिकायत दी थी कि IMC चौक पर बाइक सवार दो युवकों ने उसका रास्ता रोककर मोबाइल लूट लिया। मामले में थाना सिडकुल में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। अब दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद मुकदमे में संबंधित धाराओं के साथ आर्म्स एक्ट की बढ़ोतरी भी की गई है। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष अजय शाह, उपनिरीक्षक देवेंद्र सिंह चौहान और कांस्टेबल हरि सिंह शामिल रहे।



