
पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार: haridwar में “पिल्ला गैंग” पर पुलिस का बड़ा प्रहार हुआ है। इंस्टाग्राम पर दबदबा बनाने और कमेंटबाजी को लेकर लोगों से मारपीट करने वाले गैंग के खिलाफ कनखल पुलिस ने ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए नाबालिग समेत चार आरोपियों को दबोच लिया।
पुलिस के मुताबिक भूपतवाला से लेकर लक्सर तक इस गैंग का नेटवर्क फैला हुआ है और अब तक इस गिरोह से जुड़े 15 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है। गैंग के सदस्य सोशल मीडिया पर अपना वर्चस्व कायम करने के लिए युवाओं में दहशत फैलाते थे और मामूली बातों पर मारपीट व धमकी जैसी घटनाओं को अंजाम दे रहे थे।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत जिलेभर में शराब तस्करों, हिस्ट्रीशीटरों, वारंटियों, वांछित अपराधियों और हुड़दंगियों के खिलाफ लगातार सख्त अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में कनखल क्षेत्र में सक्रिय असामाजिक तत्वों पर नजर रखने के लिए सादे कपड़ों में विशेष पुलिस टीमें गठित की गई थीं।
कनखल प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र सिंह रावत के नेतृत्व में गठित पुलिस टीमों ने जगजीतपुर, पीठ पुलिया, फुटबॉल ग्राउंड और गुरुकुल कांगड़ी क्षेत्र में लगातार चेकिंग अभियान चलाया। जांच के दौरान 10 अप्रैल को दर्ज मारपीट के मुकदमे में सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई।
आरोप है कि गुरुकुल कांगड़ी क्षेत्र में गैंग के सदस्यों ने एक युवक के साथ बेरहमी से मारपीट की थी, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया था। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए नाबालिग समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी नितिश कुमार उर्फ साजन उर्फ खबड़ा पहले भी हत्या के प्रयास के मुकदमे में नामजद रह चुका है। उसके खिलाफ एक अन्य मुकदमा भी दर्ज किया गया है, जिसमें उस पर पैसे मांगने और पैसे न देने पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप है। सभी आरोपियों को न्यायालय रोशनाबाद में पेश किया जा रहा है।
गिरफ्तार आरोपियों में एक नाबालिग के अलावा सक्षम उर्फ सावन निवासी विकास कॉलोनी पुराना रानीपुर मोड़, राजकुमार उर्फ जौंग निवासी जमालपुर कनखल और नितिश कुमार उर्फ साजन उर्फ खबड़ा निवासी जगजीतपुर शामिल हैं।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक देवेन्द्र सिंह रावत, वरिष्ठ उपनिरीक्षक अनुज सिंह, उपनिरीक्षक प्रकाश चंद, उपनिरीक्षक गंभीर सिंह तोमर, उपनिरीक्षक ललित मोहन अधिकारी, कांस्टेबल सतेन्द्र रावत, उमेद सिंह, रघुबीर सिंह और प्रलव चौहान शामिल रहे।



