हरिद्वार

“पिरान कलियर में ईद से पहले बिजली संकट.! अस्थाई दुकानों से मीटर उतारने पहुँची टीम को जनप्रतिनिधियों ने घेरा..

अधिकारियों की वार्ता के बाद शांत हुआ हंगामा, टाली गई कनेक्शन काटने की कार्रवाई..

खबर को सुनें

पंच👊नामा
पिरान कलियर: ईद उल अज़हा से एक दिन पहले पिरान कलियर के पीपल चौक क्षेत्र में बिजली विभाग द्वारा अस्थायी दुकानों के बिजली कनेक्शन काटने की कार्रवाई को लेकर हंगामा खड़ा हो गया। कार्रवाई की सूचना मिलते ही नगर पंचायत चेयरमैन प्रतिनिधि सलीम अहमद और कई सभासद मौके पर पहुँच गए और विभागीय अधिकारियों पर पक्षपात और दुकानदारों के उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए नाराजगी जताई। कई घंटों तक चले विवाद और नोकझोंक के बाद विभाग ने फिलहाल कार्रवाई टाल दी, जिसके बाद मामला शांत हुआ।दरअसल, गुरुवार को ईद उल अज़हा का त्योहार मनाया जाना है। त्योहार से ठीक एक दिन पहले बुधवार को बिजली विभाग की टीम पीपल चौक स्थित अस्थायी दुकानों पर पहुँची और बिजली कनेक्शन काटने के साथ-साथ मीटर भी उतार लिए। अचानक हुई इस कार्रवाई से दुकानदारों में हड़कंप मच गया।मामले की जानकारी मिलते ही नगर पंचायत चेयरमैन प्रतिनिधि सलीम अहमद, सभासद गुलफान साबरी, डॉ. शहजाद, राशिद अली, नाजिम त्यागी, मोहम्मद दिलबाग, मौसम अली सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौके पर पहुँचे। उन्होंने विभागीय अधिकारियों से कार्रवाई रोकने और तत्काल कनेक्शन जोड़ने की मांग की। जनप्रतिनिधियों का आरोप था कि ईद जैसे बड़े त्योहार से ठीक पहले और बिना नोटिस दिए इस तरह की कार्रवाई दुकानदारों के साथ अन्याय है।स्थिति बिगड़ती देख एसडीओ ने पूरे मामले की जानकारी अधिशासी अभियंता, विद्युत वितरण खंड नगरीय रुड़की को दी। सूचना पर अधिशासी अभियंता स्वयं पिरान कलियर पहुँचे और नगर पंचायत प्रतिनिधियों के साथ बातचीत की। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच हल्की नोकझोंक भी देखने को मिली।करीब घंटे भर चली बातचीत के बाद फिलहाल कनेक्शन काटने की कार्रवाई को स्थगित कर दिया गया। साथ ही नगर पंचायत प्रतिनिधियों को अस्थायी दुकानों से संबंधित कोर्ट आदेश अथवा अन्य दस्तावेज लेकर कुछ दिन बाद कार्यालय में वार्ता के लिए बुलाया गया है। कार्रवाई टलने के बाद अस्थायी दुकानदारों ने राहत की सांस ली और क्षेत्र में स्थिति सामान्य हो सकी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!