
पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार: बुग्गावाला की बंद पड़ी फैक्ट्री में चौकीदार को गोली मारकर बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में जुटे शातिर गिरोह पर हरिद्वार पुलिस ने शिकंजा कसते हुए एक और बड़ी कामयाबी हासिल की है।
कप्तान नवनीत सिंह भुल्लर के नेतृत्व में लगातार अपराधियों की कमर तोड़ रही पुलिस ने इस चर्चित फायरिंग कांड में तीन और कुख्यात बदमाशों को गिरफ्तार कर पूरे मामले के खुलासे की दिशा में अहम सफलता हासिल की है। तीनों आरोपियों पर एसएसपी की ओर से 10-10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
हरिद्वार के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर मामले को गंभीरता से लेते हुए बुग्गावाला पुलिस और सीआईयू टीमों को तकनीकी और मैनुअल पुलिसिंग के जरिए घटना से जुड़े सभी अपराधियों तक पहुंचने के स्पष्ट निर्देश दिए गए थे। देहात क्षेत्र में हुई फायरिंग से लोगों में फैले भय को देखते हुए पुलिस ने लगातार निगरानी, मुखबिर तंत्र और डिजिटल सर्विलांस के सहारे अपराधियों की तलाश तेज कर दी थी।
थाना प्रभारी अंकुर शर्मा के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने लगातार क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए घटनास्थल के आसपास के दुर्गम रास्तों और आने-जाने वाले मार्गों पर पैनी नजर रखी। इसी कड़ी में मुखबिर की सूचना पर यूपी बॉर्डर के पास दबिश देकर तीन फरार बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त एक तमंचा, एक खोखा कारतूस और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। मामले में अन्य फरार बदमाशों की तलाश जारी है।
गौरतलब है कि 9 जून को अमानतगढ़ क्षेत्र स्थित बंद पड़ी बायोडीजल फैक्ट्री में चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम देने पहुंचे बदमाशों के इरादों को चौकीदार ने साहस दिखाते हुए नाकाम कर दिया था। खुद को घिरता देख बदमाशों ने चौकीदार पर फायरिंग कर दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया था। घटना के बाद पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ में एक आरोपी लुकमान को गिरफ्तार कर लिया गया था, जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया था।
पूछताछ में सामने आया कि गिरोह के सदस्य कई दिनों तक फैक्ट्री की रेकी करने के बाद बड़ी चोरी की नीयत से मौके पर पहुंचे थे। यह गिरोह उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में चोरी, लूट और डकैती जैसी घटनाओं को अंजाम दे चुका है। गिरफ्तार आरोपी जोगिंदर उर्फ जोगा के खिलाफ हरिद्वार और सहारनपुर समेत विभिन्न थानों में कई संगीन मुकदमे दर्ज हैं।
गिरफ्तार आरोपी…..
1:- संजय पुत्र स्व. चंदू निवासी ओल्ड मिद्दा गड़ी रोड, थाना सदर, जिला यमुनानगर (हरियाणा)
2:- जोगिंदर उर्फ जोगा पुत्र पूरणचंद निवासी न्यू गुलाबनगर बाईपास कैंप, थाना सदर, जिला यमुनानगर (हरियाणा)
3:-नसीम पुत्र बुंदू मिस्त्री निवासी ग्राम बंदरजुड़, थाना बुग्गावाला, जनपद हरिद्वार।
पुलिस टीम में……
थाना प्रभारी अंकुर शर्मा, उपनिरीक्षक मनोज कुमार, उपनिरीक्षक सुनील रमोला, अपर उपनिरीक्षक अरविंद भट्ट, हेड कांस्टेबल कुश कुमार, कांस्टेबल मनोज कुमार, कांस्टेबल विकास क्षेत्री व कांस्टेबल गजेंद्र सिंह शामिल रहे। वही सीआईयू रुड़की टीम में अपर उपनिरीक्षक अश्वनी यादव, हेड कांस्टेबल मनमोहन भंडारी, कांस्टेबल महिपाल, कांस्टेबल राहुल, कांस्टेबल रविंद्र खत्री व कांस्टेबल अजय काला ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। हरिद्वार सीआईयू से कांस्टेबल वसीम भी अभियान का हिस्सा रहे।



