हरिद्वार

“बदमाशों के लिए सख्ती, बहादुरों के लिए शाबाशी; ‘पिल्ला गैंग’ से लेकर रीलबाजों तक, कप्तान ने कस दिए पेंच..

एसएसपी नवनीत सिंह ने मातहतों की समस्याएं भी सुनीं, बच्चा चोरी के मामलों के खुलासे और सोमवती स्नान ड्यूटी पर जवानों की थपथपाई पीठ..

खबर को सुनें

पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार: एक ओर अवैध असलाह के दम पर सोशल मीडिया पर धौंस दिखाने वाले रीलबाजों और गैंग बनाकर उत्पात मचा रहे युवाओं पर नकेल कसने की तैयारी, तो दूसरी तरफ मातहतों की समस्याओं को सुनकर उनका समाधान और उत्कृष्ट कार्य करने वाले जवानों का सम्मान। शनिवार को पुलिस कार्यालय रोशनाबाद में आयोजित सैनिक सम्मेलन और क्राइम मीटिंग में एसएसपी नवनीत सिंह का सख्त और संवेदनशील दोनों रूप देखने को मिला। बच्चा चोरी के तीनों चर्चित मामलों के सफल खुलासे और सोमवती अमावस्या स्नान को सकुशल संपन्न कराने पर कप्तान ने पुलिसकर्मियों की जमकर सराहना की, वहीं आगामी कांवड़ यात्रा को लेकर भी मातहतों को समयबद्ध तैयारियों के निर्देश दिए।पुलिस कार्यालय रोशनाबाद स्थित सभागार में आयोजित सैनिक सम्मेलन में एसएसपी नवनीत सिंह ने मातहतों से अभिभावक की तरह संवाद करते हुए उनकी कुशलक्षेम जानी और समस्याओं की जानकारी ली। अपने स्तर की समस्याओं का मौके पर ही निस्तारण किया गया, जबकि शेष मामलों के समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया।इसके बाद सैनिक सम्मेलन के समापन पर विभिन्न जटिल अपराधों के अनावरण और जनहित से जुड़े कार्यों में उल्लेखनीय भूमिका निभाने वाले 26 पुलिसकर्मियों को मई-2026 के “पुलिस मैन ऑफ द मंथ” सम्मान से नवाजा गया।सैनिक सम्मेलन के बाद पुलिस कार्यालय स्थित कॉन्फ्रेंस हॉल में एसएसपी नवनीत सिंह की अध्यक्षता में मई माह की अपराध गोष्ठी आयोजित की गई। इस दौरान एसपी क्राइम एवं ट्रैफिक निशा यादव, एसपी सिटी अभय सिंह, एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल सहित सभी क्षेत्राधिकारी और थाना प्रभारी मौजूद रहे।बैठक में मई माह के अपराधों, उनके खुलासों, लंबित विवेचनाओं, सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, चारधाम यात्रा, पुलिस भवनों के निर्माण कार्य और आगामी कांवड़ यात्रा की तैयारियों की समीक्षा की गई। एसएसपी ने साफ शब्दों में कहा कि कानून हाथ में लेकर दबंगई दिखाने वालों की सर चढ़ती खुमारी अब कानून ही उतारेगा।उन्होंने थाना प्रभारियों को निर्देश दिए कि 20 से 22 वर्ष की उम्र के वे युवक, जो तथाकथित “पिल्ला गैंग” बनाकर उत्पात मचा रहे हैं, उन पर विशेष फोकस किया जाए और उन्हें सही राह पर लाने का प्रयास किया जाए। साथ ही सोशल मीडिया पर अवैध असलाह के साथ रीलबाजी कर माहौल खराब करने वाले तत्वों को चिन्हित कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए।एसएसपी ने कहा कि आगामी कांवड़ यात्रा की तैयारियों को समय से पूरा किया जाए व जरूरी निर्माण और मरम्मत कार्यों के लिए समय रहते पत्राचार किया जाए। मुख्यालय स्तर से संचालित अभियानों में हरिद्वार पुलिस के बेहतर प्रदर्शन की सराहना करते हुए उन्होंने और अधिक सक्रियता की अपेक्षा जताई।उन्होंने कनखल, पिरान कलियर और सिटी हरिद्वार में सामने आए बच्चा चोरी के तीनों संवेदनशील मामलों में बच्चों की सकुशल बरामदगी को पुलिस टीमों की मेहनत का परिणाम बताते हुए उनकी पीठ थपथपाई। वहीं सोमवती अमावस्या स्नान को शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने पर भी पुलिसकर्मियों के प्रयासों की सराहना की गई। एसएसपी ने बताया कि इस कार्य के लिए पुलिस मुख्यालय स्तर से भी हरिद्वार पुलिस की प्रशंसा की गई है।बैठक में डायल-112 से प्राप्त शिकायतों का मौके पर निस्तारण करने, ऑनलाइन शिकायतों को गंभीरता से लेने, महिला अपराधों में पीड़िताओं से मिलकर उनकी सहायता करने, सभी फायर स्टेशनों को अलर्ट मोड में रखने, स्कूलों के आसपास चेतक पुलिस की मौजूदगी बढ़ाने और बैंकों व सर्राफा बाजारों में नियमित औचक निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए।इसके अलावा लंबित मुकदमों के शीघ्र निस्तारण, सत्यापन अभियान को लगातार जारी रखने तथा शाम के समय थाना प्रभारियों द्वारा स्वयं फोर्स के साथ क्षेत्र में चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश भी दिए गए। सर्किल अधिकारियों को साप्ताहिक समीक्षा कर लापरवाही बरतने वाले विवेचना अधिकारियों को चिन्हित करने को कहा गया।इन 26 पुलिसकर्मियों को मिला मई-2026 का “पुलिस मैन ऑफ द मंथ” सम्मान….
कोतवाली नगर के हेड कांस्टेबल संदीप कपूर, कनखल की महिला कांस्टेबल राजरानी, श्यामपुर के कांस्टेबल अनिल रावत, ज्वालापुर के कांस्टेबल अमित गौड़ और राजेश बिष्ट, बहादराबाद के हेड कांस्टेबल राकेश नेगी, रानीपुर के अपर उपनिरीक्षक सुबोध घिल्डियाल, सिड़कुल के कांस्टेबल कुलदीप डिमरी और प्रदीप कुमार, गंगनहर के उपनिरीक्षक ब्रह्मदत्त बिजल्वान, झबरेड़ा के वरिष्ठ उपनिरीक्षक सतेन्द्र भण्डारी और कांस्टेबल सुरेन्द्र सिंह, भगवानपुर के उपनिरीक्षक नीरज रावत, अपर उपनिरीक्षक प्रदीप चौहान और कांस्टेबल संजय पंवार, पथरी के कांस्टेबल दीपक चौधरी, साइबर सेल हरिद्वार के हेड कांस्टेबल नरेन्द्र सिंह नेगी, हाईकोर्ट सेल की महिला कांस्टेबल अंजू, सीपीयू रुड़की के उपनिरीक्षक हरीश अधिकारी, विशम्बर दत्त और मुकेश कुमार, फायर स्टेशन मायापुर के लीडिंग फायरमैन जयवीर सिंह, अभिसूचना उप इकाई नगर के हेड कांस्टेबल सतीश बडोला, पुलिस लाइन हरिद्वार की महिला कांस्टेबल सोनम नेगी, 40वीं वाहिनी पीएसी की महिला कांस्टेबल आनंदीश्वरी तथा पुलिस दूरसंचार के हेड कांस्टेबल सार्थक कुमार शामिल हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!