अपराधउत्तराखंड

“जनता की गाढ़ी कमाई पर डाका डालने वाला बैंक कैशियर आखिरकार पहुंचा सलाखों के पीछे, ₹54 लाख के गबन का खुलासा..

एसएसपी श्वेता चौबे के निर्देश पर टिहरी पुलिस की सटीक विवेचना से फर्जी हस्ताक्षरों और निकासी वाउचरों का पूरा खेल बेनकाब..

खबर को सुनें

पंच👊नामा-ब्यूरो
टिहरी गढ़वाल; जनता की गाढ़ी कमाई पर डाका डालने वाले आर्थिक अपराधी पर टिहरी पुलिस ने बड़ा शिकंजा कसते हुए लगभग ₹54 लाख के बैंक गबन के मामले में तत्कालीन बैंक कैशियर को गिरफ्तार कर लिया है। फर्जी हस्ताक्षरों और फर्जी निकासी वाउचरों के जरिए खाताधारकों के खातों से लाखों रुपये निकालने के इस सनसनीखेज मामले का खुलासा पुलिस की सटीक विवेचना से हुआ। पुलिस अब गबन की पूरी रकम, उसके फंड फ्लो और इस खेल में शामिल अन्य संभावित लोगों की भूमिका की भी गहन जांच कर रही है।एसएसपी श्वेता चौबे के निर्देश पर आर्थिक अपराध के इस गंभीर मामले को प्राथमिकता पर लेते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई शुरू की। उत्तराखण्ड ग्रामीण बैंक, शाखा कमांद के शाखा प्रबंधक की ओर से प्राप्त शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया। वरिष्ठ अधिकारियों के पर्यवेक्षण में गठित विशेष टीम ने बैंक रिकॉर्ड, खाताधारकों के स्टेटमेंट, निकासी वाउचर तथा दस्तावेजी और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों का बारीकी से परीक्षण कर आरोपी के खिलाफ मजबूत साक्ष्य जुटाए।थाना प्रभारी दिलबर सिंह नेगी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने जांच को आगे बढ़ाते हुए पाया कि तत्कालीन कैशियर अभिलाष शर्मा ने अपने पद का दुरुपयोग करते हुए कई खाताधारकों के खातों से फर्जी हस्ताक्षरों और फर्जी निकासी वाउचरों के माध्यम से करीब ₹54 लाख की धनराशि निकाल ली। जांच में यह भी सामने आया कि गबन की गई रकम का एक हिस्सा आरोपी ने अपने खाते और अपने रिश्तेदारों के खातों में भी स्थानांतरित किया। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस टीम ने देहरादून में दबिश देकर आरोपी को उसके निवास से गिरफ्तार कर लिया।पुलिस पूछताछ में आरोपी से कई महत्वपूर्ण जानकारियां मिली हैं। पुलिस अब गबन की पूरी धनराशि के लेन-देन, अन्य बैंक खातों में हुए ट्रांजैक्शन व इस मामले में अन्य संभावित लोगों की संलिप्तता की भी गहन विवेचना कर रही है। गिरफ्तार आरोपी अभिलाष शर्मा पुत्र विजय शर्मा, निवासी शक्ति कॉलोनी, प्रेमनगर रोड, बड़ोवाला, थाना पटेलनगर, जनपद देहरादून को पूछताछ के बाद न्यायालय के समक्ष पेश करने की तैयारी है।गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में थाना प्रभारी दिलबर सिंह नेगी, उप निरीक्षक मनवीर सिंह चौहान, अपर उप निरीक्षक जुगल किशोर भट्ट, हेड कांस्टेबल धर्मेन्द्र बिष्ट, हेड कांस्टेबल कुंवरवीर सिंह, कांस्टेबल मुकेश भट्ट तथा कांस्टेबल नीलम राठौर शामिल रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!