“पति की बाइक से उतरकर महिला ने डेढ़ साल की बच्ची संग गंगनहर में लगाई छलांग, दोनों लापता; तलाश में जुटी पुलिस..

पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार: धनौरी मार्ग स्थित डीपीएस कॉलेज, दौलतपुर के समीप रविवार को दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। एक महिला ने पति की बाइक से उतर कर अपनी डेढ़ साल की बच्ची समेत गंगनहर में कूद गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और जल पुलिस मौके पर पहुंची तथा दोनों की तलाश शुरू कर दी।
धनौरी के कोटा मुरादनगर निवासी अर्जुन अपनी पत्नी सरिता और डेढ़ साल की बेटी को बाइक से लेकर पत्नी की ससुराल रायपुर दरेड़ा जा रहा था। बताया गया कि डीपीएस कॉलेज के पास बाइक रुकने पर सरिता अचानक बाइक से उतरी और अपनी मासूम बच्ची को गोद में लेकर गंगनहर में छलांग लगा दी।
पति के शोर मचाने पर राहगीर जमा हो गया और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जल पुलिस को बुलाकर गंगनहर में सर्च अभियान शुरू कराया। देर शाम तक महिला और बच्ची का कोई सुराग नहीं लग सका था।
पुलिस घटना के कारणों की जांच कर रही है। वहीं, जल पुलिस गंगनहर में लगातार दोनों की तलाश में जुटी हुई है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।



