“मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हरिद्वार में 235 करोड़ की चार परियोजनाओं का किया शिलान्यास, आधिकारिक पोस्टर बना चर्चा का विषय..

पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार; मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हरिद्वार को आधुनिक, सुरक्षित और विश्वस्तरीय आध्यात्मिक नगरी के रूप में विकसित करने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए हरिद्वार-ऋषिकेश गंगा कॉरिडोर के अंतर्गत लगभग 235 करोड़ रुपये की चार महत्वपूर्ण आधारभूत परियोजनाओं का भूमि पूजन एवं शिलान्यास किया। अलकनंदा होटल में आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री ने कहा कि इन परियोजनाओं से आगामी महाकुंभ-2027 और कांवड़ यात्रा की व्यवस्थाएं अधिक सुव्यवस्थित होंगी, वहीं पर्यटन, व्यापार और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी नई गति मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने 43.25 करोड़ रुपये की प्रशासनिक मार्ग कॉरिडोर विकास परियोजना का भूमि पूजन किया। इसके अलावा 66.76 करोड़ रुपये की लागत से हर की पैड़ी व सुभाष घाट के पुनरुद्धार, 66.34 करोड़ रुपये की लागत से हर की पैड़ी के उत्तर क्षेत्र में आधारभूत अवसंरचना विकास और 58.84 करोड़ रुपये की लागत से रोड़ी बेलवाला क्षेत्र के पुनर्विकास कार्यों का शिलान्यास किया गया।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य सरकार केवल योजनाओं की घोषणा नहीं, बल्कि उन्हें समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने की कार्यसंस्कृति पर विश्वास करती है। उन्होंने अधिकारियों को सभी परियोजनाएं तय समय सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि महाकुंभ-2027 को देश का सबसे दिव्य, भव्य और सुव्यवस्थित आयोजन बनाने के लिए सड़क चौड़ीकरण, नए पुल, घाट, रोपवे, पॉड टैक्सी, हेलीपोर्ट और अन्य आधारभूत सुविधाओं पर तेजी से काम किया जा रहा है।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, मदन कौशिक, राम सिंह कैड़ा, प्रदीप बत्रा, यूआईआईडीबी के प्रबंध निदेशक आर. मीनाक्षी सुंदरम, दायित्वधारी विश्वास डाबर, ओम प्रकाश जमदग्नि, विनय रोहिल्ला, सुनील सैनी, डॉ. जयपाल सिंह चौहान, श्यामवीर सैनी, देशराज कर्णवाल, दिनेश कौशिक, नितिन गौतम, अजीत चौधरी, शोभाराम प्रजापति, जिला पंचायत अध्यक्ष किरण चौधरी,
मेयर हरिद्वार किरण जैसल, मेयर रुड़की अनीता अग्रवाल, पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद, विधायक रानीपुर आदेश चौहान, शिवालिक नगर पालिका अध्यक्ष राजीव शर्मा, पूर्व विधायक संजय गुप्ता, भाजपा जिलाध्यक्ष हरिद्वार आशुतोष शर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष रुड़की डॉ. मधु, प्रदेश सह मीडिया प्रभारी विकास तिवारी, सचिव विनय शंकर पांडेय, मेलाधिकारी सोनिका, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर सहित कई जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
हालांकि कार्यक्रम के बाद एक अलग राजनीतिक चर्चा भी शुरू हो गई। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम से जुड़े आधिकारिक विज्ञापन और पोस्टरों में हरिद्वार लोकसभा सांसद एवं पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत का नाम शामिल नहीं होने पर राजनीतिक गलियारों में अटकलों का दौर शुरू हो गया। विज्ञापन में मुख्यमंत्री के साथ शहरी विकास मंत्री राम सिंह कैड़ा, पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज और कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे विधायक मदन कौशिक के नाम प्रमुखता से प्रकाशित किए गए, जबकि स्थानीय सांसद का नाम पूरी तरह अनुपस्थित रहा। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि किसी बड़े सरकारी कार्यक्रम के प्रचार-प्रसार से क्षेत्रीय सांसद का नाम गायब रहना सामान्य नहीं माना जाता, जिससे इस मुद्दे पर चर्चाओं ने जोर पकड़ लिया है।



