“कांवड़ मेले से पहले नगर निगम की बड़ी लापरवाही.! टेंडर खुलेंगे 27 को, तैयारी कैसे होगी 30 तक..?
CM गंभीर... नगर निगम बेफिक्र..? कांवड़ मेले की तैयारियों में देरी पर उठे बड़े सवाल..!

पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार; मुख्यमंत्री लगातार कांवड़ मेले की व्यवस्थाओं को लेकर अधिकारियों को समयबद्ध और बेहतर तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दे रहे हैं, लेकिन हरिद्वार नगर निगम की कार्यशैली पर अब सवाल उठने लगे हैं। चमगादड़ टापू मैदान में स्थापित होने वाले कांवड़ मेला बाजार की तैयारियां अभी तक धरातल पर नजर नहीं आ रही हैं। स्थिति यह है कि मेले से ठीक पहले तक टेंडर प्रक्रिया भी पूरी नहीं हो सकी है, जिससे व्यवस्थाओं को लेकर संशय की स्थिति बनी हुई है।
नगर निगम द्वारा जारी निविदा के अनुसार कांवड़ मेला बाजार से संबंधित टेंडर 27 जुलाई को आमंत्रित किए गए हैं और उसी दिन शाम 4 बजे उन्हें खोला जाएगा। जबकि कांवड़ यात्रा का शुभारंभ 30 जुलाई से होना है। ऐसे में सबसे बड़ा सवाल यह है कि टेंडर स्वीकृत होने के बाद मात्र दो दिनों के भीतर बाजार की दुकानें, विद्युत व्यवस्था, बैरिकेडिंग, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक सुविधाएं किस प्रकार समय पर और गुणवत्तापूर्ण ढंग से तैयार की जाएंगी।
जानकारों का मानना है कि यदि नगर निगम समय रहते अल्पकालीन निविदा जारी कर तीन से चार दिन पहले ही टेंडर प्रक्रिया पूरी कर लेता, तो कार्यदायी संस्था को पर्याप्त समय मिल जाता और व्यवस्थाओं को बेहतर तरीके से विकसित किया जा सकता था। वर्तमान परिस्थितियां नगर निगम की योजना, कार्यप्रणाली और समय प्रबंधन पर गंभीर प्रश्न खड़े कर रही हैं।
अब सभी की निगाहें नगर निगम की तैयारियों पर टिकी हैं। देखना होगा कि प्रशासन सीमित समय में सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त कर पाता है या फिर विश्वप्रसिद्ध कांवड़ मेले में आने वाले लाखों श्रद्धालुओं को अव्यवस्थाओं का सामना करना पड़ेगा।



