अपराधहरिद्वार

“हुलिया बदल-बदलकर पुलिस को देते रहे चकमा, लेकिन बच नहीं सके शातिर… 18 चोरी की बाइक बरामद, अंतरराज्यीय गिरोह का बड़ा भंडाफोड़..

SSP नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर मंगलौर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, कई राज्यों में फैले वाहन चोरी नेटवर्क का खुलासा..

खबर को सुनें

पंच👊नामा
रुड़की; हरिद्वार पुलिस ने वाहन चोरों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में एक और बड़ी सफलता हासिल करते हुए अंतरराज्यीय मोटरसाइकिल चोर गिरोह के दो शातिर सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और निशानदेही पर कुल 18 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं।

बरामद वाहनों में हरिद्वार के विभिन्न थाना क्षेत्रों के अलावा उत्तर प्रदेश और हरियाणा से चोरी की गई मोटरसाइकिलें भी शामिल हैं। खास बात यह रही कि आरोपी लगातार अपना हुलिया बदलकर पुलिस को गुमराह करने की कोशिश करते रहे, लेकिन आखिरकार पुलिस की सटीक रणनीति के आगे उनकी एक न चली।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर जिले में लगातार हो रही मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं के प्रभावी खुलासे के लिए विशेष पुलिस टीम गठित की गई थी। एसएसपी के स्पष्ट निर्देश थे कि वाहन चोरी की प्रत्येक घटना का पर्दाफाश कर सक्रिय गिरोहों पर कठोर कार्रवाई की जाए। इसी अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक ग्रामीण शेखर चंद्र सुयाल के निर्देशन कार्रवाई को तेज किया गया।प्रभारी निरीक्षक भगवान सिंह मेहर के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने दिन-रात मेहनत करते हुए घटनास्थलों और संभावित मार्गों के 521 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। साथ ही मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया और वाहन चोरी में संलिप्त पुराने अपराधियों का सत्यापन किया। जांच के दौरान सामने आया कि आरोपी अपनी पहचान छिपाने के लिए बार-बार मास्क, कपड़े और हेयर स्टाइल बदलते थे, जिससे उनकी पहचान करना चुनौतीपूर्ण हो गया था। बावजूद इसके पुलिस टीम ने तकनीकी और मैनुअल इनपुट के आधार पर लगातार निगरानी रखते हुए दोनों आरोपियों को दबोच लिया।पुलिस ने मुखबिर की सटीक सूचना पर दो मुकदमों से सम्बंधित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से चोरी की दो मोटरसाइकिलें बरामद हुईं। पूछताछ और निशानदेही के आधार पर पुलिस ने विभिन्न स्थानों से 16 अन्य चोरी की मोटरसाइकिलें भी बरामद कर कुल 18 बाइक बरामद करने में सफलता हासिल की।

पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने हरिद्वार के मंगलौर, भगवानपुर, कलियर, झबरेड़ा और रुड़की सहित उत्तर प्रदेश के देवबंद, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर व हरियाणा के पानीपत क्षेत्र से मोटरसाइकिलें चोरी की थीं। आरोपी पैदल सुनसान क्षेत्रों में पहुंचते थे और मौका मिलते ही मोटरसाइकिल चोरी कर फरार हो जाते थे। अन्य जनपदों से संबंधित मामलों की जानकारी संबंधित पुलिस इकाइयों को भी भेजी जा रही है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हसीन पुत्र रईस निवासी ग्राम टांडा भनेड़ा, थाना मंगलौर व सोनू पुत्र अल्हादिया निवासी ग्राम टांडा भनेड़ा, थाना मंगलौर के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ पूर्व में भी वाहन चोरी एवं अन्य आपराधिक मामलों के कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने कुल 18 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं, जिनमें विभिन्न क्षेत्रों से चोरी की गई स्प्लेंडर, स्प्लेंडर प्लस, एचएफ डीलक्स और हीरो होंडा मोटरसाइकिलें शामिल हैं।कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक भगवान सिंह मेहर, उपनिरीक्षक नितिन विष्ट, हेड कांस्टेबल श्यामबाबू, कांस्टेबल रणवीर, मनदीप, उत्तम सिंह, के.डी. राणा, मोहम्मद आमिर तथा महिपाल सिंह शामिल रहे। पुलिस टीम की इस कार्रवाई की वरिष्ठ अधिकारियों ने सराहना करते हुए इसे वाहन चोरों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान की बड़ी सफलता बताया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!