हरिद्वार

‘भड़काऊ वीडियो’ पर बवाल, भीम आर्मी/ASP पहुंची कोतवाली, हिंदू रक्षा दल नेताओं पर मुकदमे की मांग..

प्रभारी निरीक्षक को सौंपा ज्ञापन, कलियर की फिज़ा बिगाड़ने और सोशल मीडिया पर धार्मिक उन्माद फैलाने का लगाया आरोप..

खबर को सुनें

पंच👊नामा
पिरान कलियर; पिरान कलियर की गंगा-जमुनी तहज़ीब को लेकर एक बार फिर सियासी और सामाजिक हलचल तेज़ हो गई है। सोशल मीडिया पर कथित भड़काऊ वीडियो प्रसारित कर सांप्रदायिक माहौल बिगाड़ने की कोशिश का आरोप लगाते हुए भीम आर्मी/आजाद समाज पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने रामपुर नगर पंचायत चेयरमैन प्रवेज़ सुल्तान के नेतृत्व में पिरान कलियर कोतवाली पहुंचकर प्रभारी निरीक्षक को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में संबंधित लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कड़ी कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की गई।ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि हिंदू रक्षा दल के प्रदेश अध्यक्ष ललित शर्मा, जिला अध्यक्ष विशाल चौहान पनियाला, अभिषेक उर्फ अभी व उनके अन्य साथियों ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो सार्वजनिक किया है। आरोप है कि वीडियो में पिरान कलियर स्थित वक्फ बोर्ड की मस्जिद, दरगाह और अन्य धार्मिक स्थलों को लेकर आपत्तिजनक व भड़काऊ टिप्पणियां की गई हैं और उन्हें अवैध बताकर तोड़ने और कलियर पर चढ़ाई करने जैसी बातें कही गई हैं।ज्ञापन में कहा गया है कि पिरान कलियर सर्वधर्म आस्था का प्रमुख केंद्र है, जहां देश-विदेश से सभी धर्मों के श्रद्धालु पहुंचते हैं। ऐसे में इस तरह के कथित बयान और सोशल मीडिया पर प्रसारित सामग्री से न केवल श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं, बल्कि क्षेत्र की आपसी भाईचारे और सांप्रदायिक सौहार्द को भी गंभीर खतरा पैदा हो सकता है। ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि संबंधित लोगों द्वारा पूर्व में भी कलियर को लेकर विवादित टिप्पणियां किए जाने का आरोप है। भीम आर्मी पदाधिकारियों ने पुलिस प्रशासन से मांग की कि मामले की निष्पक्ष जांच कर संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ तत्काल प्राथमिकी दर्ज की जाए और कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि क्षेत्र की शांति, सामाजिक सौहार्द और कानून व्यवस्था बनी रहे।रामपुर नगर पंचायत चेयरमैन प्रवेज़ सुल्तान ने कहा कि “पिरान कलियर हमेशा से आपसी भाईचारे और गंगा-जमुनी तहज़ीब की मिसाल रहा है। कोई भी व्यक्ति या संगठन यदि सोशल मीडिया या किसी अन्य माध्यम से धार्मिक भावनाएं भड़काने और समाज में नफरत फैलाने का प्रयास करता है, तो उसके खिलाफ कानून के तहत सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। हमारी मांग केवल इतनी है कि कानून सभी के लिए समान रूप से लागू हो और क्षेत्र का अमन-चैन किसी भी कीमत पर प्रभावित न होने पाए।प्रदेश प्रवक्ता अजीम अहमद ने कहा कि “कोई व्यक्ति या संगठन सोशल मीडिया या किसी अन्य माध्यम से धार्मिक भावनाओं को भड़काने, समाज में वैमनस्य फैलाने या कानून अपने हाथ में लेने की बात करता है, तो यह संविधान और कानून दोनों के खिलाफ है। हम पुलिस प्रशासन से मांग करते हैं कि ऐसे मामलों में निष्पक्ष और सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि प्रदेश में शांति, सौहार्द और कानून के राज पर लोगों का विश्वास कायम रहे। भीम आर्मी हर हाल में संविधान, सामाजिक सद्भाव और अमन-चैन के साथ खड़ी है।इस दौरान रामपुर नगरपंचायत चेयरमैन प्रवेज सुल्तान, ASP प्रदेश प्रवक्ता अजीम अहमद, नगर अध्यक्ष भीम आर्मी गुलजार चौधरी, राशिद अली सभासद, गुलफाम साबरी सभासद, कलियर नगरपंचायत चेयरमैन प्रतिनिधि सलीम प्रधान, निखिल, सोनू कश्यप, समाजसेवी गोल्डन भाई, मुंताहीद आदि मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!