अपराधहरिद्वार

‘जहर की फैक्ट्री’ पर पुलिस का धावा..! दूध पाउडर और फॉरेन फैट से बन रहा था नकली पनीर, 49 किलो मौके पर ही किया नष्ट..

SSP नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर श्यामपुर पुलिस और खाद्य सुरक्षा विभाग की संयुक्त कार्रवाई, नमूने जांच के लिए भेजे लैब..

खबर को सुनें

पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार; लोगों की सेहत से खिलवाड़ कर मुनाफा कमाने वालों पर शिकंजा कसते हुए श्यामपुर पुलिस और खाद्य सुरक्षा विभाग की संयुक्त टीम ने कांगड़ी स्थित एक डेयरी पर बड़ी कार्रवाई की।

छापेमारी के दौरान दूध पाउडर और फॉरेन फैट से तैयार किया गया करीब 50 किलो संदिग्ध पनीर बरामद हुआ। जांच के लिए नमूने सील किए गए, जबकि शेष करीब 49 किलो पनीर को मौके पर ही वैज्ञानिक तरीके से नष्ट करा दिया गया, ताकि वह बाजार तक न पहुंच सके।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर जनपद में मिलावटी और नकली खाद्य पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। आमजन के स्वास्थ्य के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध पुलिस और संबंधित विभागों को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।

इन्हीं निर्देशों के क्रम में थाना प्रभारी नितेश शर्मा और उपायुक्त, खाद्य सुरक्षा गढ़वाल मंडल राजेंद्र सिंह रावत के नेतृत्व में संयुक्त टीम ने कांगड़ी स्थित गुज्जर डेयरी पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान डेयरी परिसर में एक एल्युमिनियम कंटेनर में विक्रय के लिए तैयार लगभग 50 किलो पनीर बरामद हुआ।

पूछताछ में डेयरी संचालक इमानत अली के भाई शराफत अली ने स्वीकार किया कि पनीर के निर्माण में दूध पाउडर और फॉरेन फैट का उपयोग किया गया है। मौके से दूध पाउडर के करीब 50 खाली पैकेट भी बरामद हुए, जिन्हें टीम ने कब्जे में ले लिया।

संयुक्त टीम ने पनीर और निर्माण में प्रयुक्त दूध के दो नमूने लेकर परीक्षण के लिए राजकीय खाद्य प्रयोगशाला, रुद्रपुर भेज दिए हैं। नमूना लेने के बाद बचा हुआ लगभग 49 किलो पनीर जेसीबी मशीन से गड्ढा खुदवाकर वैज्ञानिक तरीके से दबाकर नष्ट कराया गया, जिससे यह खाद्य सामग्री बाजार में न पहुंच सके।

निरीक्षण के दौरान यह भी सामने आया कि डेयरी संचालक के पास केवल रिटेल व्यवसाय के लिए जारी खाद्य लाइसेंस था, जबकि उसी लाइसेंस पर दुग्ध उत्पादों का निर्माण किया जा रहा था।

इस गंभीर अनियमितता पर डेयरी संचालक इमानत अली और मौके पर मौजूद उनके भाई सराफत अली को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम-2006 के तहत वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिलीप जैन द्वारा नोटिस जारी किया गया। खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया कि प्रयोगशाला रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।संयुक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी श्यामपुर नितेश शर्मा, एएसआई रविन्द्र गौड़, कांस्टेबल मनमोहन सैनी, कांस्टेबल सुशील, उपायुक्त खाद्य सुरक्षा गढ़वाल मंडल राजेंद्र सिंह रावत, जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी हरिद्वार महिमानन्द जोशी, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिलीप जैन तथा खाद्य सुरक्षा अधिकारी पवन कुमार शामिल रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!