अपराधहरिद्वार

“गुमशुदगी की गुत्थी सुलझी तो खुला कत्ल का खौफनाक राज, अंकित को रास्ते में घेरकर मारा और बाइक समेत गंगा में डुबो दिया.!

पुलिस ने खोली ब्लाइंड मर्डर की पूरी कहानी, मृतक के गांव के ही चार आरोपी गिरफ्तार; निशानदेही पर नदी से शव बरामद..

खबर को सुनें

पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार; दो अगस्त की रात अचानक लापता हुए शिवपुरी रायसी निवासी अंकित चौहान की गुमशुदगी की गुत्थी सुलझाते हुए लक्सर पुलिस ने सनसनीखेज ब्लाइंड मर्डर का खुलासा किया है। कारोबार और पारिवारिक रंजिश के चलते गांव के ही चार लोगों ने कथित तौर पर अंकित को रास्ते में घेरकर मौत के घाट उतार दिया और सबूत मिटाने के लिए उसके शव को मोटरसाइकिल से बांधकर गंगा नदी में डुबो दिया। पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनकी निशानदेही पर एसडीआरएफ के गोताखोरों की मदद से गंगा नदी से मृतक का शव और मोटरसाइकिल बरामद कर ली है।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर मामले की गंभीरता को देखते हुए क्षेत्राधिकारी लक्सर के निर्देशन में पुलिस टीम का गठन कर गुमशुदगी की हर कड़ी को जोड़ने का काम शुरू किया गया। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, संदिग्ध मोबाइल नंबरों और टावर लोकेशन की कॉल डिटेल का विश्लेषण किया और तकनीकी साक्ष्यों के साथ-साथ मैनुअल पुलिसिंग के जरिए मृतक के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारियां जुटाईं।लक्सर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रवीण कोश्यारी के नेतृत्व में गठित टीम ने जांच को आगे बढ़ाते हुए मृतक के गांव के ही रहने वाले सचिन, मेहकार, कुलवंत और अंकित चौहान उर्फ फौजी पर फोकस किया। विवेचना में सामने आया कि अंकित की इन लोगों से पिछले कुछ समय से रंजिश चल रही थी। पुलिस ने चारों को हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की तो मामले की परतें खुलती चली गईं।खनन की मुखबिरी बनी हत्या की वजह……
पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि मृतक अंकित चौहान कथित तौर पर ट्रैक्टर-ट्रॉली से होने वाले खनन की मुखबिरी करता था और पुलिस को सूचना देकर उन्हें पकड़वा देता था। इससे उन्हें लगातार आर्थिक नुकसान हो रहा था। इसी रंजिश में चारों ने अंकित को रास्ते से हटाने की योजना बनाई।आरोपियों के मुताबिक, 2 अगस्त की रात अंकित अपनी मोटरसाइकिल से घर लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में घात लगाकर उसकी मोटरसाइकिल को रोक लिया गया और उसकी हत्या कर दी गई। इसके बाद शव को शिवपुरी गांव के पास स्थित खुसरो की ठोकर के नजदीक गंगा नदी में मोटरसाइकिल के साथ बांधकर डुबो दिया गया।निशानदेही पर गंगा में उतरे गोताखोर, शव और बाइक बरामद….
पुलिस के मुताबिक आरोपियों की स्वीकारोक्ति के बाद उन्हें उनके बताए स्थान पर ले जाया गया। नदी में शव और मोटरसाइकिल होने की जानकारी मिलने पर एसडीआरएफ टीम को गोताखोरों के साथ मौके पर बुलाया गया। एसडीआरएफ के गोताखोरों ने अथक प्रयास के बाद गंगा नदी में डूबी मोटरसाइकिल और उसके साथ बंधा शव बरामद कर लिया। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में मुख्य आरोपी अंकित चौहान उर्फ फौजी पूर्व में थाना खानपुर से हत्या के एक मामले में जेल जा चुका है।2 अगस्त की रात से गायब था अंकित….
पुलिस के मुताबिक शिवपुरी रायसी निवासी अंकित चौहान 2-3 अगस्त की रात अपनी मोटरसाइकिल से घर लौट रहा था। रास्ते में अचानक वह लापता हो गया और उसका मोबाइल फोन भी बंद हो गया। परिजनों की ओर से मामले की सूचना दिए जाने पर कोतवाली लक्सर में गुमशुदगी दर्ज की गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की और तकनीकी व मानवीय इनपुट के आधार पर आखिरकार गुमशुदगी के पीछे छिपे कत्ल के राज का पर्दाफाश कर दिया। एसएसपी हरिद्वार नवनीत सिंह भुल्लर ने कहा कि मामले में पुलिस द्वारा सभी आरोपियों के खिलाफ अधिक से अधिक साक्ष्य जुटाए जाएंगे और दोषियों को न्यायालय से कड़ी से कड़ी सजा दिलाने के लिए प्रभावी पैरवी सुनिश्चित की जाएगी।ये चार आरोपी गिरफ्तार….
1:- सचिन पुत्र पवन, निवासी शिवपुरी रायसी, हरिद्वार
2:- मेहकार पुत्र पवन, निवासी शिवपुरी रायसी, हरिद्वार
3:- कुलवंत पुत्र कल्लू, निवासी शिवपुरी रायसी, हरिद्वार
4:- अंकित चौहान उर्फ फौजी पुत्र सुरेश पाल, निवासी शिवपुरी रायसी, हरिद्वारपुलिस टीम….
1:- प्रभारी निरीक्षक प्रवीण कोश्यारी
2:- SSI नितिन चौहान
3:- चौकी प्रभारी रायसी राजीव उनियाल
4:- चौकी प्रभारी भीकमपुर यशवीर नेगी
5:- कांस्टेबल अरविंद
6:- कांस्टेबल ध्वजवीर
7:- कांस्टेबल हिमांशु चौधरी
8:- कांस्टेबल मुकेश
9:- कांस्टेबल अनूप पोखरियाल
10:- कांस्टेबल सुरेश
11:- हेड कांस्टेबल महेंद्र सिंह चौहान
12:- हेड कांस्टेबल रविंद्र नगर

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!