हरिद्वार

“ईद मिलादुन्नबी पर ख़िदमत और इबादत का संगम, अंजुमन ने प्रेस कांफ्रेंस कर छह दिवसीय कार्यक्रमों का किया ऐलान..

खबर को सुनें

पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार; जश्न-ए-ईद मिलादुन्नबी के मौके पर अंजुमन गुलामाने मुस्तफा सोसाइटी (रजि.) की ओर से छह दिवसीय धार्मिक व सामाजिक कार्यक्रमों की श्रृंखला आयोजित की जाएगी। कार्यक्रमों में कलियर शरीफ में चादरपोशी, लंगर, रक्तदान शिविर, दिव्यांगों को भोजन व फल वितरण, अस्पतालों में मरीजों की सेवा और मूए मुबारक की जियारत के साथ 26 अगस्त को भव्य मोहम्मदी जुलूस निकाला जाएगा। सोसाइटी पदाधिकारियों ने कार्यक्रमों के जरिए युवाओं को नशे से दूर रहने और शिक्षा की ओर बढ़ने का संदेश देने की बात कही।सोसाइटी के सदर हाजी शफी खान ने बताया कि छह दिवसीय कार्यक्रमों की शुरुआत 20 अगस्त को कलियर शरीफ स्थित दरगाह साबिर पाक में चादर पेश करने और लंगर के साथ होगी। उन्होंने कहा कि पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब की शिक्षाएं इंसानियत, भाईचारे और सामाजिक सौहार्द का संदेश देती हैं। इन्हीं आदर्शों को आगे बढ़ाते हुए सोसाइटी धार्मिक आयोजनों के साथ सामाजिक सेवा के कार्य भी करेगी। उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाकर शिक्षा और सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ना समय की जरूरत है।सोसाइटी के सचिव राहिल कुरैशी ने बताया कि 23 अगस्त को इंडियन पब्लिक स्कूल, ज्वालापुर में रक्तदान शिविर आयोजित किया जाएगा। 24 अगस्त को अजरधाम, हरिद्वार में दिव्यांगजनों को भोजन और फल वितरित किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि 25 अगस्त को पीलीभीत से हजरत बिलाल मियां “हुजूर मोहम्मद साहब” का मूए मुबारक लेकर हरिद्वार पहुंचेंगे। चंडी पुल पर उनका स्वागत किया जाएगा, जिसके बाद कोटरावान स्थित सदर हाजी शफी खान के निवास पर विश्राम होगा। इसके बाद ज्वालापुर स्थित बाबा रौशन अली की दरगाह पर अकीदतमंदों को मूए मुबारक की जियारत कराई जाएगी। इसी दिन जिला चिकित्सालय और बंगाली हॉस्पिटल में मरीजों को फल वितरित किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि 26 अगस्त को निकलने वाला मोहम्मदी जुलूस कार्यक्रमों का मुख्य आकर्षण होगा, जिसमें बड़ी संख्या में अकीदतमंद शामिल होंगे।सोसाइटी के नायब सदर हाजी रफी खान और हाजी जमशेद खान ने कहा कि पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब ने पूरी दुनिया को इंसानियत, भाईचारे, अमन और सौहार्द का संदेश दिया। उनके बताए रास्ते पर चलते हुए समाज में एकता और भाईचारे को मजबूत करना हर व्यक्ति की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि धार्मिक आयोजनों के साथ समाजसेवा के कार्यों को जोड़ना सोसाइटी का उद्देश्य है, ताकि जरूरतमंदों तक मदद पहुंच सके और युवाओं को समाज व राष्ट्र की तरक्की में सकारात्मक भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया जा सके। पत्रकारवार्ता में मसूद खान, नौशाद अली साबरी, आलम सैफी, फैसल खान सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!