हरिद्वार

“5 साल का मासूम ‘लकी’ हुआ लापता, कलियर पुलिस बनी ‘उम्मीद की किरण’, चंद घंटों में सकुशल बरामद..

फोटो, CCTV और स्थानीय सूचना तंत्र बना मददगार, हेड कांस्टेबल सोनू चौधरी की सक्रियता से मिली कामयाबी..

खबर को सुनें

पंच👊नामा
पिरान कलियर; दरगाह की भीड़ में परिवार से बिछड़े पांच साल के मासूम की आंखों में अपनों को तलाशने की बेचैनी थी तो दूसरी ओर परिजनों के चेहरे पर चिंता साफ झलक रही थी। मामला जैसे ही कलियर पुलिस तक पहुंचा, पुलिस ने बिना वक्त गंवाए मासूम की तलाश शुरू कर दी। फोटो दिखाने से लेकर व्हाट्सएप ग्रुप और CCTV कैमरों की मदद तक, पुलिस ने हर संभव माध्यम को सक्रिय कर दिया। आखिरकार चंद घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस ने पांच वर्षीय लकी को हज हाउस के पास से सकुशल बरामद कर लिया। मासूम को देखते ही परिजनों की आंखों में खुशी छलक उठी और उन्होंने कलियर पुलिस का दिल से आभार जताया।एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर जनपद में आमजन की सुरक्षा और विशेषकर भीड़भाड़ वाले धार्मिक स्थलों पर बच्चों की सुरक्षा को लेकर पुलिस लगातार सतर्कता बरत रही है। विश्व प्रसिद्ध धार्मिक एवं पर्यटन स्थल पिरान कलियर में देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु और जायरीन पहुंचते हैं। भीड़भाड़ के चलते बच्चों के गुम होने व बच्चा चोरी जैसी घटनाओं की आशंका बनी रहती है। पूर्व में भी कलियर क्षेत्र से बच्चों के अपहरण और बच्चा चोरी की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। ऐसे में कलियर पुलिस बच्चों की सुरक्षा को लेकर हमेशा अलर्ट मोड पर रहती है।सूचना मिलते ही सक्रिय हुई पुलिस, टीम ने शुरू किया सर्च ऑपरेशन….
दरअसल, ग्राम बिंदु खड़क निवासी अमित पुत्र वेदपाल अपने परिवार के साथ कलियर दरगाह आए थे। दरगाह से बाहर निकलने के दौरान उनका पांच वर्षीय पुत्र लकी भीड़ में कहीं बिछड़ गया। काफी तलाश करने के बावजूद जब मासूम का कोई पता नहीं चला तो परिजन थाने पहुंचे और पुलिस को पूरी जानकारी दी।प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भंडारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्काल लापता बालक की तलाश शुरू कर दी। पुलिसकर्मियों ने दरगाह क्षेत्र और आसपास के इलाकों में बच्चे की फोटो दिखाकर जानकारी जुटाई। इसके साथ ही स्थानीय व्हाट्सएप ग्रुपों में बच्चे की फोटो प्रसारित की गई और CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली गई।हेड कांस्टेबल सोनू चौधरी की अहम भूमिका, CCTV और सूचना तंत्र से मिली कामयाबी….
मासूम की तलाश में पुलिस टीम की सक्रियता और स्थानीय सूचना तंत्र ने अहम भूमिका निभाई। हेड कांस्टेबल सोनू चौधरी ने बच्चे की तलाश में विशेष सक्रियता दिखाते हुए आसपास के क्षेत्र में लगातार जानकारी जुटाई और CCTV फुटेज से प्राप्त सुरागों को जोड़ते हुए तलाश को आगे बढ़ाया। पुलिस की लगातार मेहनत आखिरकार रंग लाई और लकी को हज हाउस के पास से सकुशल बरामद कर लिया गया।मासूम के सकुशल मिलने की खबर जैसे ही परिजनों को मिली, उनकी चिंता खुशी में बदल गई। पुलिस ने आवश्यक औपचारिकता पूरी करने के बाद बच्चे को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। अपने बच्चे को सकुशल पाकर परिजनों ने कलियर पुलिस की त्वरित कार्रवाई की जमकर सराहना की और पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया।पुलिस टीम में….
1:- प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भंडारी
2:- हेडकांस्टेबल सोनू चौधरी
3:- हेडकांस्टेबल जयप्रकाश
4:- कांस्टेबल जितेंद्र कुमार
5:- चालक नीरज राणा
6:- महिला होमगार्ड गीता

Advt.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advt.
Back to top button
error: Content is protected !!