“नारी शक्ति की भागीदारी से ही सशक्त और विकसित भारत का निर्माण : मदन कौशिक..
भाजपा ने आयोजित किया नारी शक्ति वंदन समारोह, उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं का किया सम्मान..

पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार; भारतीय जनता पार्टी की ओर से महिलाओं के सम्मान, स्वाभिमान और सशक्तिकरण को समर्पित नारी शक्ति वंदन समारोह का आयोजन भूपतवाला स्थित वासुदेव आश्रम में किया गया। समारोह में प्रदेश के कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान महिलाओं ने मंत्री मदन कौशिक की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधकर उन्हें विजयश्री का आशीर्वाद दिया।
समारोह को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने कहा कि भारतीय संस्कृति में नारी को सदैव शक्ति, सम्मान और प्रेरणा का प्रतीक माना गया है। आज महिलाएं शिक्षा, स्वास्थ्य, प्रशासन, राजनीति, खेल, व्यापार, विज्ञान, कला, सामाजिक सेवा और उद्यमिता समेत प्रत्येक क्षेत्र में अपनी प्रतिभा और क्षमता का परिचय दे रही हैं। महिलाओं की बढ़ती भागीदारी देश के विकास की नई तस्वीर प्रस्तुत कर रही है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार महिलाओं को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने के लिए अनेक योजनाएं और महत्वपूर्ण पहल संचालित कर रही है। नारी शक्ति वंदन अधिनियम महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी को मजबूत करने की दिशा में ऐतिहासिक कदम है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को समान अवसर उपलब्ध कराए बिना विकसित भारत के संकल्प को साकार नहीं किया जा सकता।
मदन कौशिक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प लिया है। इस लक्ष्य की प्राप्ति में देश की आधी आबादी की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि जब महिलाएं आत्मनिर्भर, सुरक्षित और सशक्त होंगी, तभी परिवार, समाज और राष्ट्र भी मजबूत होगा।
हरिद्वार नगर निगम की महापौर किरण जैसल ने समारोह में उपस्थित महिलाओं का अभिनंदन करते हुए कहा कि नारी शक्ति केवल परिवार की आधारशिला ही नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण की भी महत्वपूर्ण शक्ति है। आज बेटियां हर क्षेत्र में आगे बढ़कर देश और प्रदेश का नाम रोशन कर रही हैं।
समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं के योगदान की सराहना करते हुए उन्हें सम्मानित किया गया। वक्ताओं ने कहा कि महिलाओं के प्रति सम्मान, समान अवसर और सकारात्मक सोच को बढ़ावा देना समाज के प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देकर उनकी राजनीतिक भागीदारी को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कार्य किया है।
भाजपा के प्रदेश सह मीडिया प्रभारी विकास तिवारी ने कहा कि हरिद्वार में चारों ओर विकास कार्य तेजी से चल रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि हरिद्वार की धरती पर ऐतिहासिक कुंभ का सफल आयोजन होगा। उन्होंने कहा कि बहनों के आशीर्वाद से प्रदेश में लगातार तीसरी बार भाजपा की सरकार पूर्ण बहुमत के साथ बनेगी। उन्होंने समारोह में पहुंची सभी महिलाओं का आभार भी व्यक्त किया।
कार्यक्रम का संचालन भाजयुमो नेता दीपांशु विद्यार्थी ने किया। समारोह में भाजपा मंडल अध्यक्ष किशन बजाज, महामंत्री सर्वेश्वर मूर्ति भट्ट, देवेश ममगई, पार्षद आकाश भाटी, सुनीता शर्मा, सूर्यकांत शर्मा, अनिरुद्ध भाटी, भाजपा जिला उपाध्यक्ष तरुण नय्यर, पूर्व मंडल अध्यक्ष वीरेंद्र तिवारी, महेंद्र अरोड़ा, अन्नू कक्कड़, आदर्श पाण्डेय, प्रीति गौड़, मुकेश कौशिक, आदित्य गौड़, अजीत कुमार, करण वर्मा,
राजकुमार अरोड़ा, सांसद प्रतिनिधि अनिल पुरी, ललित नय्यर, मुनेश सैनी, गौरव वर्मा, श्याम पाण्डेय, सूरज गुप्ता सहित भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, महिला कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में मातृशक्ति मौजूद रही। समारोह का संदेश रहा कि सशक्त नारी ही सशक्त समाज और सशक्त राष्ट्र की आधारशिला है तथा महिलाओं की सक्रिय भागीदारी से ही विकसित भारत के संकल्प को मजबूती मिलेगी।



