अपराधउत्तराखंड

“पुलिस मुठभेड़, दो असलहा तस्कर गिरफ्तार; 8 तमंचे बरामद..

SSP अजय गणपति के निर्देश पर बड़ी कार्रवाई, पुलिस पर फायरिंग के बाद एक आरोपी घायल; यूपी से हथियारों की खेप लाकर बेचने की थी तैयारी..

खबर को सुनें

पंच👊नामा-ब्यूरो
रुद्रपुर/दिनेशपुर; उत्तर प्रदेश से अवैध हथियारों की खेप लेकर उत्तराखंड में सप्लाई करने निकले दो कथित असलहा तस्करों का पुलिस से सामना हो गया। दिनेशपुर क्षेत्र में आधी रात के बाद हुई मुठभेड़ में पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोप है कि घेराबंदी के दौरान बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग की, जिसके जवाब में की गई कार्रवाई में एक आरोपी मनोज कुमार के बाएं पैर में गोली लग गई। पुलिस ने मौके से आठ अवैध देशी तमंचे, आठ जिंदा कारतूस, चार खोखा कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद की है। शुरुआती पूछताछ में हथियारों की खरीद-फरोख्त और सप्लाई नेटवर्क से जुड़े अहम सुराग मिलने की बात सामने आई है।

मामले का खुलासा करते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि जनपद में अवैध असलहों की तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए पुलिस को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे। इसी क्रम में एसओजी रुद्रपुर और थाना दिनेशपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और हथियारों के संभावित खरीदारों की जानकारी जुटा रही है।पुलिस के मुताबिक, बीती रात मुखबिर से सूचना मिली कि उत्तर प्रदेश से अवैध हथियारों की खेप लेकर दो व्यक्ति मोटरसाइकिल से महतोष-मकरन्दपुर मार्ग के रास्ते दिनेशपुर की ओर आने वाले हैं। सूचना मिलते ही एसओजी रुद्रपुर और थाना दिनेशपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने संबंधित मार्ग पर घेराबंदी कर चेकिंग शुरू कर दी। रात करीब दो बजे मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्ध आते दिखाई दिए। पुलिस टीम ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो आरोप है कि दोनों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। इसके बाद वे मोटरसाइकिल गिराकर गन्ने के खेतों की ओर भागने लगे। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें मनोज कुमार के बाएं पैर में गोली लगी। टीम ने दोनों को मौके से गिरफ्तार कर लिया। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से कुल आठ अवैध देशी तमंचे बरामद किए हैं। इनमें सात तमंचे .315 बोर और एक तमंचा .32 बोर का बताया गया है। इसके अलावा .315 बोर के आठ जिंदा कारतूस, चार खोखा कारतूस और एक हीरो स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल भी बरामद की गई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि हथियारों की खेप कहां-कहां पहुंचाई जानी थी और इस अवैध कारोबार में किन अन्य लोगों की भूमिका है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले के ग्राम बिसौली निवासी महावीर नामक व्यक्ति से तमंचे लेकर आए थे। योजना के तहत प्रत्येक तमंचा पांच हजार रुपये में खरीदकर आठ हजार रुपये में बेचने की तैयारी थी। इस तरह हर तमंचे पर तीन हजार रुपये का अंतर रखा गया था।पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने रुद्रपुर के रम्पुरा निवासी बंटी कोली के संपर्क में होने की बात भी बताई है। पुलिस का कहना है कि बंटी कोली पूर्व में एक पुलिस मुठभेड़ में घायल हुआ था और वर्तमान में जेल में बंद है। अब पुलिस इस संपर्क और हथियारों की आपूर्ति के बीच संबंधों की जांच कर रही है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मनोज कुमार पुत्र राजेन्द्र कुमार और अनमोल यादव पुत्र सुंदर पाल, दोनों निवासी ग्राम चंदायन, थाना बिलासपुर, जनपद रामपुर, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। मनोज की उम्र 22 वर्ष और अनमोल की उम्र 20 वर्ष बताई गई है।पुलिस के मुताबिक, मनोज कुमार पूर्व में भी जेल जा चुका है। उसके संबंध में कोतवाली ट्रांजिट कैंप में दर्ज एफआईआर संख्या 91/2026 का भी उल्लेख किया गया है। वहीं, पुलिस ने पूछताछ के आधार पर अनमोल के संबंध में वर्ष 2023 में हत्या के मामले में जेल जाने की जानकारी भी सामने आने की बात कही है। पुलिस दोनों आरोपियों के आपराधिक इतिहास का सत्यापन कर रही है। दोनों आरोपियों के विरुद्ध थाना दिनेशपुर में एफआईआर संख्या 166/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 109 और आर्म्स एक्ट की धारा 3/25 में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई कर रही है। पुलिस की जांच अब हथियार उपलब्ध कराने वाले व्यक्ति, संभावित खरीदारों और इस नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों तक पहुंचने पर केंद्रित है। बरामद असलहों की सप्लाई कहां की जानी थी और इस कारोबार में कितने लोग शामिल हैं, इसका पता विस्तृत पूछताछ और जांच के बाद ही चल सकेगा।कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम…..
मुठभेड़ और गिरफ्तारी की कार्रवाई में शामिल पुलिसकर्मियों के नाम इस प्रकार हैं—
1:- उपनिरीक्षक रविन्द्र सिंह बिष्ट — प्रभारी, एसओजी रुद्रपुर
2:- पंकज कुमार — थानाध्यक्ष, थाना दिनेशपुर
3:- उपनिरीक्षक अर्जुन सिंह — चौकी प्रभारी, जयनगर
4:- अपर उपनिरीक्षक सुरेन्द्र सिंह — थाना दिनेशपुर
5:- कांस्टेबल गोविन्द आर्या (814) — थाना दिनेशपुर
6:–कांस्टेबल राजेन्द्र कश्यप — एसओजी रुद्रपुर

Advt.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advt.
Back to top button
error: Content is protected !!