
पंच👊नामा
भगवानपुर: बेलकी मसाई गांव में आम तोड़ने को लेकर शुरू हुआ विवाद हिंसक संघर्ष में बदल गया। आरोप है कि दर्जनों युवक लाठी-डंडों से लैस होकर आम के बाग में पहुंचे और वहां काम कर रहे मजदूरों पर हमला कर दिया।
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि हमलावरों ने लोगों का नाम पूछकर उनकी पहचान की और फिर चुन-चुनकर मारपीट की। घटना में दो मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि कई राहगीरों को भी चोटें आई हैं। मामला अलग-अलग समुदाय से जुदा होने के चलते पुलिस हरकत में आ गई है और शांति व्यवस्था को लेकर मोर्चा संभाल लिया है।
बेलकी मसाई गांव स्थित आम के बाग में मजदूर आम तोड़ने का कार्य कर रहे थे। इसी दौरान आम तोड़ने को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि कुछ ही देर बाद दर्जनों युवक लाठी-डंडे लेकर बाग में पहुंचे और मजदूरों को घेरकर हमला कर दिया। हमले में सिकरौढ़ा निवासी फुरकान गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि एक अन्य मजदूर को भी गंभीर चोटें आईं।
पीड़ितों का आरोप है कि बाग से निकलने के बाद भी हमलावर नहीं रुके। उन्होंने गांव के मुख्य मार्ग पर आने-जाने वाले लोगों को रोककर पहले उनका नाम पूछा और पहचान के आधार पर मारपीट की। इस दौरान कई राहगीर भी घायल हो गए, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
चूंकि मामला दो समुदायों से जुड़ा बताया जा रहा है, इसलिए घटना के बाद गांव और आसपास के क्षेत्र में तनाव फैल गया। सूचना मिलने पर भगवानपुर थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और उपद्रवियों को खदेड़कर स्थिति पर नियंत्रण पाया। सभी घायलों को उपचार के लिए रुड़की सिविल अस्पताल भेजा गया, जहां फुरकान की हालत गंभीर बताई जा रही है।
एहतियात के तौर पर गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपितों की पहचान में जुटी है। पुलिस का कहना है कि घटना में शामिल सभी आरोपितों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल गांव में स्थिति नियंत्रण में है और पुलिस लगातार निगरानी बनाए हुए है।



