राजनीतिहरिद्वार

“उत्तराखंड की राजनीति में नई दस्तक, सोनिया शर्मा ने फूंका जन निर्माण पार्टी का बिगुल..

हजारों समर्थकों की मौजूदगी में हुआ शक्ति प्रदर्शन, उमेश कुमार बोले- भ्रष्टाचार के खिलाफ होगी निर्णायक लड़ाई..

खबर को सुनें

पंच👊नामा
रुड़की: उत्तराखंड की राजनीति में रविवार को एक नया अध्याय जुड़ गया, जब खानपुर विधायक उमेश कुमार की पत्नी सोनिया शर्मा ने हजारों समर्थकों की मौजूदगी में जन निर्माण पार्टी के गठन की औपचारिक घोषणा कर दी। दिल्ली रोड स्थित होटल सेंट्रम में आयोजित भव्य कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न जिलों और विधानसभा क्षेत्रों से पहुंचे जनसैलाब ने नई पार्टी के प्रति अपना भरोसा जताते हुए बड़ी संख्या में सदस्यता ग्रहण की। भीषण गर्मी के बावजूद पंडाल में उमड़े सर्वसमाज के जनसमूह और कार्यकर्ताओं के जोश ने कार्यक्रम को शक्ति प्रदर्शन में तब्दील कर दिया।पारंपरिक दलों से निराश जनता को मिलेगा नया विकल्प : सोनिया शर्मा
पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि जन निर्माण पार्टी का उद्देश्य प्रदेश में व्याप्त भ्रष्टाचार के खिलाफ निर्णायक लड़ाई लड़ना और जनता को एक मजबूत व ईमानदार राजनीतिक विकल्प प्रदान करना है। उन्होंने कहा कि वर्षों से भाजपा और कांग्रेस जैसी पारंपरिक पार्टियों से जनता निराश है और अब प्रदेश को ऐसे मंच की आवश्यकता है जो आम आदमी की आवाज को मजबूती से उठाए।उन्होंने दावा किया कि आने वाले समय में भाजपा, कांग्रेस समेत अन्य राजनीतिक दलों के कई प्रभावशाली नेता जन निर्माण पार्टी का दामन थामेंगे। पार्टी संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत किया जाएगा और वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में जन निर्माण पार्टी प्रदेश में तीसरे मजबूत राजनीतिक विकल्प के रूप में उभरेगी।हरिद्वार को भ्रष्टाचार मुक्त बनाने का अभियान है पार्टी : उमेश कुमार
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए खानपुर विधायक उमेश कुमार ने कहा कि यह सिर्फ एक राजनीतिक दल का गठन नहीं, बल्कि हरिद्वार और उत्तराखंड को भ्रष्टाचार से मुक्त कराने की मुहिम है। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान समय में हरिद्वार जिले में भ्रष्टाचार चरम पर है और जनता की समस्याओं को मजबूती से उठाने वाला कोई प्रभावी नेतृत्व दिखाई नहीं देता।उन्होंने कहा कि जन निर्माण पार्टी जनता के मुद्दों को लेकर संघर्ष करेगी और आगामी विधानसभा चुनाव में हरिद्वार जिले से पांच से सात विधायक जीतकर विधानसभा पहुंचेंगे। मजबूत जनप्रतिनिधित्व से ही क्षेत्र की समस्याओं का स्थायी समाधान संभव हो सकेगा।आधा दर्जन जेसीबी के काफिले के साथ पहुंचे राव सज्जाद, बना आकर्षण का केंद्र….
कार्यक्रम का सबसे चर्चित और आकर्षक दृश्य उस समय देखने को मिला जब पूर्व राज्य मंत्री राव सज्जाद खान अपने समर्थकों के साथ आधा दर्जन जेसीबी मशीनों के काफिले पर सवार होकर ढंढेरा से होटल सेंट्रम पहुंचे और जन निर्माण पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। इस अनोखे अंदाज ने कार्यक्रम में मौजूद लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। राव सज्जाद खान ने कहा कि सरकार को यह समझ लेना चाहिए कि उमेश कुमार के पास भी “पीला पंजा” है और जनता की ताकत उनके साथ खड़ी है।चांदी के मुकुट और उपहारों से हुआ स्वागत….
नई पार्टी की घोषणा को लेकर समर्थकों में खासा उत्साह देखने को मिला। मंच पर कार्यकर्ताओं ने सोनिया शर्मा को चांदी का मुकुट, चांदी की माला, पेन और अन्य स्मृति चिह्न भेंट कर उनका स्वागत किया। कार्यक्रम स्थल के बाहर और अंदर पार्टी के झंडों और बैनरों से भव्य सजावट की गई थी।अपने वाहनों से पहुंचे समर्थक, हाईवे और चौराहे झंडों से पाटे….
कार्यक्रम में शामिल होने के लिए समर्थक किराए के वाहनों के बजाय अपने-अपने साधनों से पहुंचे। रुड़की, मंगलौर, लंढौरा, झबरेड़ा और पिरान कलियर तक प्रमुख चौराहों और हाईवे के दोनों किनारों को जन निर्माण पार्टी के झंडों से सजाया गया था।विशेष बात यह रही कि मंच पर सर्वसमाज की महिलाओं को सम्मानपूर्वक स्थान दिया गया। भीषण गर्मी को देखते हुए पंडाल और मंच को एयर कंडीशनर से लैस किया गया था। जनसमूह के लिए स्वादिष्ट भोजन, मिठाई और छबील की विशेष व्यवस्था भी की गई थी।कार्यकर्ताओं में दिखा जबरदस्त जोश…..
पूरे कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं और समर्थकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। पार्टी के झंडे और बैनरों से सजे कार्यक्रम स्थल के बाहर देर शाम तक समर्थकों की आवाजाही बनी रही। बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों की मौजूदगी ने यह संकेत दिया कि जन निर्माण पार्टी आने वाले समय में प्रदेश की राजनीति में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराने की तैयारी में है।इन नेताओं और जनप्रतिनिधियों ने ग्रहण की सदस्यता….
इस अवसर पर ढंढेरा क्षेत्र से सभासद विक्रांत चौधरी, कविता चौधरी, राव मोईन, राव सज्जाद खान, गोविंद, नदीम, शाहबुद्दीन, सोनू, मोहित, लंढौरा से चेयरमैन डॉ. नसीम, अनिल सभासद, समद सभासद, अजीत पटेल, फरमान सभासद, पूर्व सभासद शाहनजर, इस्लाम, मुरसलीन, तौफीक, याकूब अली, प्रदीप कुमार, मुरसलीन राणा, झबरेड़ा से निर्दोष पालीवाल, कामिल प्रधान खात्ताखेड़ी, साकिब एडवोकेट, आरिफ प्रधान, भूरा, सुनीता चौधरी समेत विभिन्न सामाजिक और राजनीतिक संगठनों से जुड़े कार्यकर्ताओं ने अपनी-अपनी टीमों के साथ जन निर्माण पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर संगठन को मजबूत करने का संकल्प लिया।राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बनी नई पार्टी….
जन निर्माण पार्टी की घोषणा को उत्तराखंड की राजनीति में एक महत्वपूर्ण घटनाक्रम माना जा रहा है। कार्यक्रम में उमड़ी भीड़ और विभिन्न दलों से जुड़े लोगों की मौजूदगी ने राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं को तेज कर दिया है। अब सबकी निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि जन निर्माण पार्टी अपने संगठनात्मक विस्तार और बड़े राजनीतिक दावों को जमीन पर किस हद तक उतार पाती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!