
पंच👊नामा-ब्यूरो
देहरादून: उत्तराखंड को नशा मुक्त बनाने की मुहिम के तहत पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान में एसटीएफ और देहरादून पुलिस ने बड़ी कामयाबी हासिल की है।
संयुक्त कार्रवाई के दौरान पंजाब से ट्रक में भरकर लाई जा रही पंजाब मार्का अंग्रेजी शराब की भारी खेप को पकड़ते हुए एक आरोपी चालक को गिरफ्तार किया गया। कार्रवाई से अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।
एसटीएफ कप्तान अजय सिंह के निर्देशन में लगातार नशा तस्करों के खिलाफ शिकंजा कस रही एसटीएफ की टीम ने थाना पटेलनगर पुलिस के साथ संयुक्त अभियान चलाया। रविवार को थाना पटेलनगर क्षेत्र में एक ट्रक को रोककर उसकी तलाशी ली गई,
जिसमें पंजाब से लाई गई कुल 80 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब बरामद हुई। बरामद शराब में 25 पेटी रॉयल स्टैग की 300 बोतलें, 35 पेटी मैकडोवेल के 1680 पव्वे व 20 पेटी इंपीरियल ब्लू के 960 पव्वे शामिल हैं। पुलिस ने मौके से ट्रक को कब्जे में लेते हुए चालक को गिरफ्तार कर लिया।
एसएसपी एसटीएफ अजय सिंह ने बताया कि उत्तराखंड में हरियाणा, पंजाब और दिल्ली से लाई जा रही अवैध शराब के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए एसटीएफ लगातार सक्रिय है। इसी क्रम में यह कार्रवाई की गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि नशे का कारोबार करने वालों के खिलाफ भविष्य में भी कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान जगजीत सिंह पुत्र हरदीत सिंह निवासी ग्राम बुडनपुर, थाना बनूर, जिला मोहाली (पंजाब) के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ थाना पटेलनगर में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।



