हरिद्वार

“शौचालयों पर लटके मिले ताले तो भड़के राज्य मंत्री जमदग्नि, मनसा देवी परिसर की बदहाली पर जताई नाराजगी..

पेयजल संकट और गंदगी देख अधिकारियों को लगाई फटकार, कांवड़ मेले से पहले व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के दिए सख्त निर्देश..

खबर को सुनें

पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार: विश्व प्रसिद्ध मनसा देवी मंदिर में श्रद्धालुओं की सुविधाओं की हकीकत उस समय सामने आ गई, जब दर्जाधारी राज्य मंत्री ओमप्रकाश जमदग्नि ने रविवार को मंदिर प्रांगण का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान शौचालयों पर लटके ताले, पेयजल की अव्यवस्था और परिसर में फैली गंदगी को देखकर मंत्री का पारा चढ़ गया। उन्होंने मौके पर ही संबंधित अधिकारियों और मंदिर प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जाहिर करते हुए व्यवस्थाओं में तत्काल सुधार के निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान राज्य मंत्री ने कहा कि देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु मनसा देवी मंदिर पहुंचते हैं और ऐसे में बुनियादी सुविधाओं की अनदेखी किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है और लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि मंदिर परिसर में पेयजल और साफ-सफाई की व्यवस्था पूरी तरह दुरुस्त की जाए। सभी शौचालय चौबीसों घंटे खुले रखे जाएं और उनकी नियमित सफाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने आगामी कांवड़ मेले को देखते हुए विशेष सतर्कता बरतने और व्यवस्थाओं को समय रहते चाक-चौबंद करने के निर्देश भी दिए।इस दौरान मंत्री जमदग्नि ने नगर आयुक्त से दूरभाष पर वार्ता कर मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों से कूड़ा उठाने की व्यवस्था तत्काल प्रभाव से सुचारु कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आस्था के इस प्रमुख केंद्र पर आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए और व्यवस्थाओं में लापरवाही कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!