
पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार: बहादरपुर जट गांव के निवासी और पुलिस विभाग में कार्यरत अंकुर कुमार को उत्कृष्ट सेवाओं के लिए मई माह का “पुलिस मैन ऑफ द मंथ” सम्मान मिलने पर क्षेत्र में खुशी की लहर है। वर्तमान में ऋषिकेश में तैनात अंकुर कुमार को यह सम्मान उनके सराहनीय कार्यों और कर्तव्यनिष्ठा के लिए दिया गया। उन्हें यह प्रशस्ति पत्र एवं सम्मान देहरादून के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) आईपीएस प्रमेन्द्र सिंह डोबाल द्वारा प्रदान किया गया।
अंकुर कुमार की इस उपलब्धि पर जाट महासभा पंचपुरी, हरिद्वार ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। महासभा के निवर्तमान अध्यक्ष चौधरी देवपाल सिंह राठी ने कहा कि अंकुर कुमार ने अपनी मेहनत, ईमानदारी और समर्पण से न केवल अपने पिता चौधरी प्रदीप कुमार और परिवार का नाम रोशन किया है, बल्कि पूरे बहादरपुर गांव और जाट समाज को भी गौरवान्वित किया है।
उन्होंने कहा कि किसी भी युवा की उपलब्धि समाज के लिए प्रेरणा का स्रोत होती है। अंकुर कुमार की सफलता यह दर्शाती है कि लगन और कर्तव्यनिष्ठा के बल पर किसी भी क्षेत्र में उत्कृष्ट स्थान प्राप्त किया जा सकता है। उनके सम्मानित होने से क्षेत्र के युवाओं को भी सकारात्मक प्रेरणा मिलेगी। जाट महासभा पंचपुरी के पदाधिकारियों ने विश्वास जताया कि अंकुर कुमार भविष्य में भी अपनी सेवाओं के माध्यम से पुलिस विभाग की प्रतिष्ठा बढ़ाने के साथ-साथ समाज का नाम भी रोशन करेंगे। महासभा ने उन्हें इस उपलब्धि पर हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए निरंतर प्रगति की कामना की है।
इस अवसर पर समाज के लोगों ने भी अंकुर कुमार को बधाई दी और उनकी उपलब्धि को पूरे क्षेत्र के लिए गौरव का विषय बताया। जाट महासभा पंचपुरी, हरिद्वार की ओर से उन्हें पुनः शुभकामनाएं एवं बधाई प्रेषित की गई। बधाई देने वालों में देवपाल सिंह राठी (अंतरिम अध्यक्ष), देवेन्द्र कुंडू (अंतरिम महामंत्री), योगेंद्रपाल सिंह राणा, रकम सिंह, सिकंदर सिंह, रवींद्र मलिक, नरेन्द्र सिंह, राजवीर सिंह, कर्णपाल सिंह, हरपाल सिंह, मनवीर सिंह सिरोही, नरेन्द्र सिंह तेवतिया आदि शामिल रहे।



