हरिद्वार

“विश्व मानव तस्करी विरोधी दिवस पर निकली जागरूकता रैली..

बहादराबाद वन स्टॉप सेंटर में विधिक सहायता हेल्प डेस्क का शुभारंभ..

खबर को सुनें

पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार; उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, नैनीताल के निर्देशन व जनपद न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण हरिद्वार नरेंद्र दत्त के आदेशानुसार विश्व मानव तस्करी विरोधी दिवस के अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, हरिद्वार द्वारा शिक्षा, पुलिस, परिवहन और स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से व्यापक विधिक जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। रैली का शुभारंभ सचिव/सिविल जज (सीनियर डिवीजन) सिमरनजीत कौर व दिल्ली पब्लिक स्कूल, रानीपुर बीएचईएल के प्रधानाचार्य डॉ. अनुपम जग्गा ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर किया। रैली दिल्ली पब्लिक स्कूल से प्रारंभ होकर स्वर्ण जयंती पार्क, सेक्टर-4 पीठ बाजार होते हुए पुनः विद्यालय परिसर में संपन्न हुई।इस अवसर पर सचिव सिमरनजीत कौर ने कहा कि मानव तस्करी जैसे जघन्य अपराध की रोकथाम के लिए समाज को जागरूक और संवेदनशील बनाना समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि पीड़ितों के विधिक व संवैधानिक अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित करना जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की प्राथमिकता है। वहीं, डॉ. अनुपम जग्गा ने कहा कि ऐसे जागरूकता अभियान बच्चों और आमजन को मानव तस्करी जैसे अपराधों से बचाव के प्रति सजग बनाते हैं। रैली में परिवहन विभाग की अरूणा सैनी व उनकी टीम, पुलिस विभाग, स्वास्थ्य विभाग, सीडब्ल्यूसी की सदस्या, दिल्ली पब्लिक स्कूल, शिवडेल पब्लिक स्कूल जगजीतपुर कनखल, पुलिस मॉडर्न स्कूल रोशनाबाद के छात्र-छात्राएं, शिक्षक, एलएडीसी और पैनल अधिवक्ता, अधिकार मित्र व जिला विधिक सेवा प्राधिकरण का स्टाफ मौजूद रहा।इसी क्रम में सिमरनजीत कौर ने वन स्टॉप सेंटर, बहादराबाद का निरीक्षण कर वहां स्थापित विधिक सहायता हेल्प डेस्क का विधिवत शुभारंभ किया और पैनल अधिवक्ता एवं अधिकार मित्र की तैनाती सुनिश्चित की। इसके बाद गैस प्लांट पुलिस चौकी, थाना रानीपुर स्थित लीगल एड क्लिनिक का औचक निरीक्षण कर कार्यों की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।दिन के अंत में जिला न्यायालय सभागार में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की मासिक बैठक माननीय जनपद न्यायाधीश एवं अध्यक्ष श्री नरेंद्र दत्त की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में जिला अधिकारी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, सीएमओ, जिला शासकीय अधिवक्ता (सिविल, फौजदारी एवं रेवेन्यू) व जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे। बैठक में मासिक विधिक गतिविधियों की समीक्षा, आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा, पीड़ित प्रतिकर योजना तथा अंडर ट्रायल रिव्यू कमेटी के तहत लाभार्थियों को सहायता उपलब्ध कराने पर विस्तृत चर्चा की गई। संपूर्ण बैठक का संचालन सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सिमरनजीत कौर ने किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!