अपराधहरिद्वार

‘दर्द ठीक करने’ का झांसा, फिर लाखों के जेवर लेकर फरार… बुजुर्गों को निशाना बनाने वाला शातिर ठग गिरफ्तार..!

SSP नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर कनखल पुलिस की सटीक कार्रवाई, 6 लाख का सोने का कड़ा बरामद, कई जिलों में दे चुका है वारदातों को अंजाम..

खबर को सुनें

पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार; बुजुर्गों की मजबूरी और भरोसे का फायदा उठाकर मालिश के बहाने लाखों रुपये के सोने के आभूषण चोरी करने वाले एक शातिर ठग को कनखल पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी देहरादून, हरिद्वार, रुड़की और ऋषिकेश समेत कई क्षेत्रों में इसी तरह की वारदातों को अंजाम दे चुका है। पुलिस ने उसके कब्जे से करीब छह लाख रुपये कीमत का चोरी किया गया सोने का कड़ा बरामद किया है।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर घटना के शीघ्र खुलासे के लिए विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। पुलिस ने मुखबिर तंत्र को सक्रिय करते हुए डिजिटल साक्ष्यों का गहन विश्लेषण किया और आरोपी की तलाश में लगातार अभियान चलाया।कनखल एसएचओ देवेंद्र सिंह रावत के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने उल्हेड़ा गांव जाने वाले रास्ते से आरोपी हंश कुमार पुत्र कंवरभान, निवासी ग्राम उल्हेड़ा, थाना कोतवाली मंगलौर, जनपद हरिद्वार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से मुकदमें से संबंधित करीब छह लाख रुपये कीमत का चोरी किया गया सोने का कड़ा बरामद किया। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।पुलिस के अनुसार, 13 जुलाई को आर.के. मिशन रोड, कनखल निवासी नरेश अरोड़ा ने शिकायत दर्ज कराई थी कि एक व्यक्ति ने स्वयं को मालिश करने वाला बताकर उनके हाथ के दर्द का इलाज करने का झांसा दिया। मालिश के दौरान आरोपी ने उनके हाथ से सोने का कड़ा उतरवाया और बहते पानी से हाथ धोने के लिए भेज दिया। इसी दौरान वह कड़ा लेकर फरार हो गया। शिकायत के आधार पर कोतवाली कनखल में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।पूछताछ में सामने आया कि आरोपी अकेले रहने वाले बुजुर्ग महिला-पुरुषों को अपना निशाना बनाता था। वह मालिश और दर्द ठीक करने का झांसा देकर सोने के कंगन, अंगूठी, चूड़ी और चेन उतरवाता था तथा मौका मिलते ही लेकर फरार हो जाता था। आरोपी पूर्व में भी इसी तरह के कई मामलों में जेल जा चुका है और विभिन्न जनपदों में कई वारदातों को अंजाम दे चुका है।पुलिस टीम में एसएचओ देवेंद्र सिंह रावत, वरिष्ठ उपनिरीक्षक अनुज सिंह, उपनिरीक्षक पुष्कर सिंह चौहान, हेड कांस्टेबल जितेंद्र शाह, कांस्टेबल उमेद सिंह तथा कांस्टेबल सतेन्द्र रावत शामिल रहे, जिनकी सतर्कता और प्रभावी कार्रवाई से शातिर ठग को गिरफ्तार कर घटना का सफल खुलासा किया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!