हरिद्वार

“उर्स से पहले दरगाह में कथित ‘अवैध उगाही’ का मुद्दा गरमाया, मंत्री समेत छह अधिकारियों तक पहुंची शिकायत..?

कर्मचारी पर गंभीर आरोप, निष्पक्ष जांच, निलंबन और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग..

खबर को सुनें

पंच👊नामा
पिरान कलियर; विश्व प्रसिद्ध दरगाह हजरत मखदूम अलाउद्दीन अली अहमद साबिर कलियरी (रह.) में कार्यरत एक कर्मचारी पर श्रद्धालुओं से कथित अवैध उगाही करने और पूर्व में शिकायतों के बावजूद कार्रवाई न होने का मामला एक बार फिर सामने आया है। पिरान कलियर निवासी रईस पुत्र इस्तेखार ने इस संबंध में अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री, उत्तराखंड सरकार को विस्तृत शिकायती पत्र भेजते हुए निष्पक्ष जांच और कड़ी कार्रवाई की मांग की है। शिकायत की प्रतियां सचिव अल्पसंख्यक कल्याण विभाग, उत्तराखंड अल्पसंख्यक आयोग, उत्तराखंड वक्फ बोर्ड के मुख्य कार्यपालक अधिकारी, जिलाधिकारी हरिद्वार, संयुक्त मजिस्ट्रेट रुड़की और दरगाह प्रबंधक को भी प्रेषित की गई हैं।शिकायती पत्र में आरोप लगाया गया है कि दरगाह कर्मचारी इलियास साबरी के विरुद्ध श्रद्धालुओं से कथित अवैध उगाही की शिकायतें लंबे समय से मिल रही हैं। शिकायतकर्ता का कहना है कि 25 अप्रैल 2024 को दरगाह कार्यालय द्वारा जारी एक कार्यालय नोटिस में संबंधित कर्मचारी का नाम दर्ज होने के बावजूद उन्हें अब भी दरगाह के मुख्य स्थल पर तैनात रखा गया है। आरोप है कि पूर्व में संयुक्त मजिस्ट्रेट रुड़की, जिलाधिकारी हरिद्वार सहित अन्य अधिकारियों को भी लिखित शिकायतें, सीसीटीवी फुटेज, वीडियो साक्ष्य और अन्य दस्तावेज उपलब्ध कराए गए थे, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई।पत्र में यह भी कहा गया है कि शिकायतों को केवल जांच के नाम पर एक कार्यालय से दूसरे कार्यालय भेजा जाता रहा, जिससे दोषी कर्मचारियों के हौसले बढ़े हैं। शिकायतकर्ता ने आगामी वार्षिक उर्स मेले को देखते हुए संबंधित कर्मचारी को तत्काल निलंबित कर स्वतंत्र एजेंसी से जांच कराने, उपलब्ध साक्ष्यों को जांच का हिस्सा बनाने और आरोप सिद्ध होने पर संबंधित कर्मचारियों और लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के विरुद्ध विभागीय एवं कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।हालांकि, इन आरोपों पर संबंधित कर्मचारी या दरगाह प्रशासन का पक्ष समाचार लिखे जाने तक प्राप्त नहीं हो सका है। उनका पक्ष प्राप्त होने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!