हरिद्वार

“जेल की चारदीवारी में छलका भाई-बहन का प्यार, राखी बांधते ही नम हुईं आंखें..

दूर-दराज से जिला कारागार पहुंचीं बहनें, भाइयों की कलाई पर बांधी राखी; भावुक कर देने वाला वीडियो आया सामने..

खबर को सुनें

पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार; जेल की ऊंची दीवारें और सख्त सुरक्षा व्यवस्था भी भाई-बहन के रिश्ते की भावनाओं को नहीं रोक सकीं। रक्षाबंधन के पावन पर्व पर जिला कारागार में उस समय माहौल भावुक हो गया, जब दूर-दराज से पहुंचीं बहनों ने अपने बंदी भाइयों की कलाई पर राखी बांधी। भाई को सामने देखकर कई बहनों की आंखें नम हो गईं तो बहनों से राखी बंधवाते समय भाइयों के चेहरे पर भी भावनाओं के कई रंग नजर आए। इस भावुक मिलन का वीडियो भी सामने आया है।राखी बांध बहनों ने मांगी भाइयों की सलामती की दुआ……
रक्षाबंधन पर अपने भाइयों से मिलने पहुंची बहनों ने विधि-विधान से उनकी कलाई पर राखी बांधी और उनके सुखी एवं स्वस्थ जीवन की कामना की। भाइयों ने भी बहनों के प्रति अपना स्नेह जताते हुए उनकी रक्षा का संकल्प लिया। कुछ पल की इस मुलाकात में वर्षों पुराने भाई-बहन के रिश्ते की भावनाएं साफ दिखाई दीं।कारागार प्रशासन ने किए विशेष इंतजाम…..
रक्षाबंधन के मद्देनजर जिला कारागार प्रशासन की ओर से विशेष व्यवस्थाएं की गई थीं। मुलाकात के दौरान सुरक्षा के साथ-साथ बहनों को किसी तरह की परेशानी न हो, इसका भी ध्यान रखा गया।वरिष्ठ जेल अधीक्षक मनोज कुमार आर्य ने बताया कि रक्षाबंधन को देखते हुए कारागार में विशेष इंतजाम किए गए थे। निर्धारित प्रक्रिया के तहत बहनों को अपने भाइयों से मुलाकात कर राखी बांधने की सुविधा दी गई। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था भी चाक-चौबंद रखी गई। जेल की चारदीवारी के बीच मनाया गया रक्षाबंधन यह संदेश दे गया कि परिस्थितियां चाहे कितनी भी कठिन क्यों न हों, भाई-बहन के रिश्ते में स्नेह और अपनापन हमेशा कायम रहता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!