
पंच👊नामा
पिरान कलियर: हरिद्वार पुलिस के “ऑपरेशन प्रहार” अभियान के तहत पिरान कलियर पुलिस ने नाबालिग से दुष्कर्म के आरोपी को आखिरकार दबोच लिया। गांव की मासूम को बहला-फुसलाकर ले जाने और दुष्कर्म जैसी संगीन वारदात को अंजाम देने के बाद
आरोपी लगातार पुलिस को चकमा देकर फरार चल रहा था, लेकिन मोबाइल लोकेशन के सहारे पुलिस ने उसका पीछा करते हुए दिल्ली के निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन से उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी महाराष्ट्र भाग गया था और पूणे से दिल्ली पहुंचते ही पुलिस के हत्थे चढ़ गया।
एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” अभियान के तहत जनपदभर में वांछित अपराधियों की धरपकड़ के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में कोतवाली पिरान कलियर में दर्ज नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष पुलिस टीम गठित की गई थी।
प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भण्डारी के नेतृत्व में गठित टीम ने आरोपी के मोबाइल नंबर को ट्रेस करते हुए उसकी लोकेशन पर लगातार नजर बनाए रखी। पुलिस जांच में सामने आया कि घटना के दिन आरोपी गांव से फरार होकर हरिद्वार से ट्रेन के जरिए महाराष्ट्र चला गया था। बुधवार को जैसे ही आरोपी पूणे से दिल्ली पहुंचा, पुलिस टीम ने निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन पर घेराबंदी कर उसे हिरासत में ले लिया।
पुलिस के मुताबिक, 14 मई को कोतवाली क्षेत्र निवासी एक व्यक्ति ने थाने में तहरीर देकर गांव के सादिक पुत्र फरमान पर उसकी नाबालिग पुत्री को बहला-फुसलाकर ले जाने और उसके साथ जबरदस्ती दुष्कर्म करने का आरोप लगाया था। तहरीर के आधार पर कोतवाली पिरान कलियर में मुकदमा दर्ज कर पुलिस जांच में जुट गई थी।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान सादिक पुत्र फरमान निवासी कोटामुरादनगर, कोतवाली पिरान कलियर जनपद हरिद्वार के रूप में हुई है। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में महिला उपनिरीक्षक विशाखा असवाल , हेड कांस्टेबल सोनू चौधरी व हेड कांस्टेबल अमित कुमार शामिल रहे।



