अपराधहरिद्वार

“पुलिस ने घेरा तो बदमाश ने खोल दी फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में पैर में लगी गोली; मंदिर चोरी का शातिर निकला हथियारबंद अपराधी..

एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर खानपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, तमंचा-कारतूस और चोरी की रकम समेत वारदात में इस्तेमाल पिकअप बरामद..

खबर को सुनें

पंच👊नामा-ब्यूरो
खानपुर; जटाशंकर महादेव मंदिर में दानपात्रों के ताले तोड़कर चोरी करने वाला शातिर आखिरकार पुलिस के शिकंजे में आ गया। देर रात खानपुर क्षेत्र में चेकिंग के दौरान पुलिस ने संदिग्ध पिकअप को रोकने का प्रयास किया तो चालक ने पुलिसकर्मियों पर वाहन चढ़ाने की कोशिश करते हुए मौके से फरार होने का प्रयास किया। पुलिस ने पीछा किया तो धर्मूपुर श्मशान घाट के पास बदमाश वाहन छोड़कर गन्ने के खेत में जा घुसा और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसके बाएं पैर में गोली लगी, जिसके बाद पुलिस ने उसे दबोच लिया। तलाशी और निशानदेही पर मंदिर से चोरी की गई 3660 रुपये की नकदी, 315 बोर का तमंचा, तीन जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस और चोरी में इस्तेमाल लोहे की रॉड बरामद हुई।मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी हरिद्वार नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर जिलेभर में सघन चेकिंग अभियान चलाते हुए अपराधियों की धरपकड़ के लिए पुलिस टीमों को सक्रिय किया गया। पुलिस टीम ने मंदिर चोरी की घटना के खुलासे के लिए घटनास्थल व आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों को जुटाया और संदिग्धों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी।एसपी देहात अभय सिंह के निर्देशन में पुलिस टीम ने चोरी की घटना के खुलासे के लिए लगातार दबिश और चेकिंग अभियान चलाया। इसी क्रम में देर रात खानपुर क्षेत्र में पुलिस टीम ग्राम सहीपुर तिराहा, सिकंदरपुर की ओर से आ रही एक टाटा इंट्रा पिकअप को रोकने का प्रयास कर रही थी। पुलिस के अनुसार चालक ने वाहन की रफ्तार बढ़ाकर पुलिस टीम पर गाड़ी चढ़ाने का प्रयास किया और गोवर्धनपुर-खानपुर रोड की ओर भाग निकला।पुलिस टीम ने पीछा करते हुए घेराबंदी की तो वाहन चालक धर्मूपुर श्मशान घाट के पास अपना पिकअप सड़क किनारे छोड़कर गन्ने के खेत में भाग गया। पुलिस के मुताबिक, खुद को घिरता देख आरोपी ने पुलिस पार्टी पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली आरोपी के बाएं पैर में लगी। पुलिस टीम ने उसे मौके से दबोच लिया और तत्काल उपचार के लिए सीएचसी लक्सर तथा रुड़की भेजा गया।प्रभारी निरीक्षक गोविंद कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी से पूछताछ और उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त टाटा इंट्रा पिकअप की सीट के नीचे से मंदिर से चोरी की गई 3660 रुपये की पूरी नकदी बरामद की। इसके साथ ही ताला तोड़ने में इस्तेमाल लोहे की रॉड (आला नकब) भी बरामद हुई। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान आरिफ पुत्र खलील, निवासी टोडा जलालपुर, कोतवाली सिविल लाइन रुड़की, जनपद हरिद्वार, उम्र 34 वर्ष के रूप में हुई है।

पुलिस के मुताबिक आरोपी शातिर आपराधिक प्रवृत्ति का है और उसके खिलाफ हरिद्वार के अलावा उत्तर प्रदेश के सहारनपुर व पुरकाजी थानों में भी मुकदमे दर्ज हैं। उसके खिलाफ चोरी, आर्म्स एक्ट सहित अन्य गंभीर धाराओं में पूर्व में कार्रवाई हो चुकी है। खानपुर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की है। मुठभेड़ के संबंध में आर्म्स एक्ट के तहत भी मुकदमा दर्ज किया गया है।मुठभेड़ में घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल भेजे जाने के बाद एसपी देहात अभय सिंह ने अस्पताल पहुंचकर आरोपी के उपचार की जानकारी ली और पुलिस अधिकारियों से पूरे घटनाक्रम की जानकारी प्राप्त की। उपचार के बाद आरोपी को नियमानुसार न्यायालय के समक्ष पेश कर जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है।पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक गोविंद कुमार, वरिष्ठ उपनिरीक्षक संजय पूनिया, चौकी प्रभारी गोवर्धनपुर कमलकांत रतूड़ी, अपर उपनिरीक्षक योगेंद्र सिंह बिष्ट, कांस्टेबल दीपक भारती, कांस्टेबल अशोक कुमार, कांस्टेबल सुखविंदर सिंह, कांस्टेबल ना0पु0 महावीर सिंह, कांस्टेबल सुमित सिंह व कांस्टेबल महिपाल सिंह, CIU रुड़की शामिल रहे।

Advt.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advt.
Back to top button
error: Content is protected !!