
पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार: शादी समारोह में शामिल होने जा रहे कुछ युवकों की सड़क पर दिखाई गई दबंगई और स्टंटबाजी उन पर भारी पड़ गई। सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो का संज्ञान लेते हुए
एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर हरिद्वार पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पांच चारपहिया वाहनों को सीज कर दिया। इतना ही नहीं, पुलिस के सामने पेश हुए युवकों को अपनी गलती का एहसास भी हुआ और उन्होंने माफी मांगते हुए भविष्य में ऐसी हरकत दोबारा न करने का भरोसा दिया।
प्रभारी निरीक्षक चंद्रभान सिंह अधिकारी के नेतृत्व में ज्वालापुर कोतवाली पुलिस ने वायरल वीडियो की जांच शुरू की तो मामला सराय गांव का निकला। पड़ताल में सामने आया कि 18 जून को शादी समारोह में शामिल होने जा रहे
कुछ युवक कारों की खिड़कियों और सनरूफ से बाहर निकलकर हूटर बजाते हुए सड़क पर स्टंटबाजी और हुड़दंग कर रहे थे। उनकी इस हरकत से न केवल यातायात नियमों की खुलेआम धज्जियां उड़ाई जा रही थीं, बल्कि राहगीरों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ रही थी।
मौके पर मौजूद एक स्थानीय व्यक्ति ने पूरी घटना को अपने मोबाइल फोन में कैद कर सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया, जिसके बाद वीडियो तेजी से वायरल हो गया।
पुलिस के मीडिया सेल द्वारा वीडियो की जांच के बाद पुष्टि हुई कि वायरल वीडियो ज्वालापुर क्षेत्र के सराय रोड का है। इसके बाद पुलिस ने वाहनों के नंबरों के आधार पर संबंधित युवकों और उनकी कारों की पहचान की।
सभी को वाहनों सहित कोतवाली तलब किया गया, जहां मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए पांचों कारों को सीज कर दिया गया। कार्रवाई के दौरान युवकों ने अपने किए पर खेद जताते हुए माफी मांगी। पुलिस ने उन्हें कड़ी चेतावनी देते हुए भविष्य में इस प्रकार की हरकतों से दूर रहने की हिदायत दी।
ज्वालापुर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक चंद्रभान सिंह अधिकारी ने बताया कि वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए संबंधित युवकों को चिन्हित किया गया और उनके पांच वाहनों को सीज किया गया है। वाहन चालकों एवं अन्य संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध आवश्यक पुलिस कार्रवाई भी अमल में लाई गई है।
उन्होंने युवकों और उनके अभिभावकों को स्पष्ट चेतावनी दी कि सार्वजनिक स्थानों पर स्टंटबाजी, हुड़दंग और यातायात नियमों की अनदेखी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति होने पर संबंधित लोगों के खिलाफ और अधिक सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



