
पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार; नाबालिग विद्यार्थियों के दोपहिया वाहन चलाने पर रोक लगाने के लिए परिवहन विभाग ने जगजीतपुर क्षेत्र के स्कूलों और आसपास के इलाकों में विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया।
अभियान के दौरान नाबालिग विद्यार्थियों के विद्यालय आने में इस्तेमाल किए जा रहे 20 स्कूटी और मोटरसाइकिल सीज कर दिए गए। कार्रवाई के साथ परिवहन विभाग ने अभिभावकों को भी बच्चों के हाथ में वाहन की चाबी न देने की हिदायत दी।
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर चलाए गए अभियान का नेतृत्व सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) नेहा झा ने किया। परिवहन विभाग की टीम ने स्कूल प्रशासन से भी बातचीत की।
विद्यालयों के प्रधानाचार्यों ने बताया कि अभिभावकों को पहले ही नोटिस जारी कर नाबालिग विद्यार्थियों को स्कूटी या मोटरसाइकिल से स्कूल नहीं भेजने के लिए कहा जा चुका है। इसके बावजूद कुछ विद्यार्थी दोपहिया वाहनों से स्कूल पहुंच रहे थे और वाहनों को आसपास की गलियों में खड़ा कर देते थे।
इस पर परिवहन विभाग की टीम ने विद्यालय प्रशासन को विश्वास में लेकर कार्रवाई की। अभियान के दौरान कुल 20 स्कूटी और मोटरसाइकिल सीज की गईं।
संबंधित विद्यार्थियों के अभिभावकों को भी कार्रवाई की जानकारी दी गई। साथ ही बच्चों के विद्यालय आने-जाने के लिए सुरक्षित और वैकल्पिक परिवहन व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।
अभियान में एआरटीओ (प्रशासन) निखिल शर्मा, यातायात कर अधिकारी वरुणा सैनी और यातायात कर अधिकारी भारत भूषण मौजूद रहे। परिवहन विभाग ने अभिभावकों से अपील की कि निर्धारित आयु और वैध ड्राइविंग लाइसेंस के बिना बच्चों को वाहन न चलाने दें।
नाबालिगों का वाहन चलाना उनकी स्वयं की सुरक्षा के साथ अन्य सड़क उपयोगकर्ताओं के लिए भी जोखिम पैदा करता है। विभाग की ओर से ऐसे अभियान आगे भी जारी रखने की बात कही गई है।



