
पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार; देश की अर्थव्यवस्था को जाली नोटों के जरिए नुकसान पहुंचाने की साजिश रच रहे एक संगठित गिरोह पर हरिद्वार पुलिस ने करारा प्रहार किया है।
एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर लगातार चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने पहले ₹52,500 के नकली नोट बरामद करने के बाद जांच को आगे बढ़ाते हुए गिरोह की जड़ तक पहुंचकर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
आरोपियों के कब्जे से करीब ₹50 हजार के छपे हुए नकली नोट, लैपटॉप, दो प्रिंटर, मोबाइल फोन समेत नकली नोट तैयार करने में इस्तेमाल होने वाले उपकरण बरामद किए गए हैं।
एसपी क्राइम निशा यादव ने प्रेस कांफ्रेंस कर पूरे मामले का खुलासा करते हुए बताया कि 27 जून को श्यामपुर पुलिस ने ₹52,500 के नकली नोटों के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया था।
मामले की गहन विवेचना और पूछताछ के दौरान कई अहम सुराग मिले, जिनके आधार पर पुलिस टीम ने आगे कार्रवाई करते हुए गिरोह के नेटवर्क तक पहुंच बनाई।
इसी क्रम में सूचना मिली कि कुछ लोग क्विड कार में नकली नोट छापने के उपकरण और तैयार जाली नोटों को ठिकाने लगाने के लिए बड़ापुर (बिजनौर) की ओर जा रहे हैं।
इसके बाद पुलिस उपाधीक्षक (प्रशिक्षु)/प्रभारी कोतवाली श्यामपुर अवनी तिवारी के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने लालढांग तिराहे के पास घेराबंदी कर वाहन को रोक लिया। तलाशी के दौरान पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
उनके कब्जे से 25 पेपर शीटों पर छपे करीब ₹50 हजार के नकली नोट, जिनकी कटिंग अभी बाकी थी, चार असली ₹500 के नोट, एक लैपटॉप, एचपी और कैनन कंपनी के दो प्रिंटर, पांच मोबाइल फोन तथा नकली नोट बनाने में प्रयुक्त अन्य सामग्री बरामद की गई।
पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि गिरोह का सदस्य गुलजार ऑनलाइन विशेष प्रकार का पेपर मंगाता था। शगुन असली नोट की फोटो लेकर सॉफ्टवेयर और एप की मदद से उसकी गुणवत्ता बढ़ाता था, ताकि प्रिंट असली जैसा दिखाई दे।
वहीं देवेन्द्र ने खुलासा किया कि इससे पहले वह और गुलजार बिजनौर के बड़ापुर क्षेत्र में करीब एक लाख रुपये के नकली नोट छाप चुके हैं। इनमें से लगभग 60 हजार रुपये के जाली नोट बाजार में चला दिए गए थे। अधिक मुनाफे के लालच में बाद में देवेन्द्र के जीजा शिवम और नोटों की गुणवत्ता बेहतर करने के लिए शगुन को भी गिरोह में शामिल कर लिया गया।
पुलिस के अनुसार चारों आरोपी मिलकर संगठित तरीके से नकली नोट तैयार कर उन्हें बाजार में खपाने का काम कर रहे थे, जिससे देश की अर्थव्यवस्था को नुकसान पहुंचाया जा रहा था। हरिद्वार पुलिस ने समय रहते गिरोह का पर्दाफाश कर उसकी जड़ पर प्रभावी प्रहार किया है। आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। उल्लेखनीय है कि इसी मामले में दो दिन पहले भी पुलिस ₹52,500 के नकली नोट बरामद कर चुकी है।
गिरफ्तार आरोपी….
1:- देवेन्द्र कुमार पुत्र अशोक कुमार, निवासी सरदारपुर छामली, थाना बड़ापुर, जिला बिजनौर (उ.प्र.)
2:- गुलजार अहमद पुत्र अब्दुल हमीद, निवासी टांडा सिक्कावाला, थाना बड़ापुर, जिला बिजनौर (उ.प्र.)
3:- शगुन जोशी पुत्र पवन जोशी, निवासी लालढांग, थाना श्यामपुर, जिला हरिद्वार
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम…
1:- पुलिस उपाधीक्षक (प्रशिक्षु)/प्रभारी कोतवाली श्यामपुर सुश्री अवनी तिवारी
2:- वरिष्ठ उपनिरीक्षक मनोज रावत
3:- उपनिरीक्षक मोहन कठैत, चौकी प्रभारी लालढांग
4:-कांस्टेबल राहुल देव
5:-कांस्टेबल सुदेश खरोला
6:-कांस्टेबल सुशील चौहान



