
पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार; पथरी थाना क्षेत्र के बोडाहेड़ी गांव में दो पक्षों के बीच हुए विवाद और छतों से पथराव की घटना के बाद हरिद्वार पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है।
गांव में दोबारा तनाव की आशंका को देखते हुए पुलिस ने ड्रोन कैमरे से निगरानी कर छतों पर रखे ईंट-पत्थरों को हटवाया और शांति व्यवस्था भंग करने की आशंका में नौ लोगों को हिरासत में लेकर उनके खिलाफ निरोधात्मक कार्रवाई की।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर जिलेभर में चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत यह कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार बोडाहेड़ी गांव में कुछ दिन पहले दो पक्षों के बीच मारपीट और झगड़े के दौरान एक-दूसरे पर छतों से पथराव किया गया था। दोनों पक्षों की ओर से एक-दूसरे के खिलाफ मुकदमे भी दर्ज कराए गए हैं।
घटना के बाद गांव में कानून व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी अप्रिय स्थिति को रोकने के लिए पुलिस लगातार निगरानी कर रही है।
थाना प्रभारी रविन्द्र कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ड्रोन कैमरे के साथ गांव पहुंची और छतों पर रखे ईंट-पत्थरों की निगरानी की। जिन लोगों की छतों पर ईंट-पत्थर पाए गए, उन्हें तत्काल हटाने के निर्देश दिए गए।
पुलिस ने स्पष्ट चेतावनी दी कि भविष्य में छतों पर अनावश्यक रूप से ईंट-पत्थर रखने पर संबंधित लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इसी दौरान दोनों पक्षों के लोगों को आपसी बयानबाजी और विवाद करते पाया गया। पुलिस ने उन्हें समझाने का प्रयास किया,
लेकिन नहीं मानने पर शांति भंग होने और किसी संगीन घटना की आशंका के मद्देनजर कार्रवाई करते हुए कुल नौ लोगों को हिरासत में लिया।
पुलिस ने जिन लोगों के खिलाफ कार्रवाई की, उनमें प्रथम पक्ष से गुलजार और मुजमिल, जबकि दूसरे पक्ष से असगर, सुभान, अफसान, रहीश, फरमान, नदीम और अकबर शामिल हैं। सभी आरोपी ग्राम बोडाहेड़ी, थाना पथरी क्षेत्र के निवासी हैं।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में थाना प्रभारी रविन्द्र कुमार, वरिष्ठ उपनिरीक्षक उपेन्द्र सिंह, उपनिरीक्षक बबलू चौहान, उपनिरीक्षक महेन्द्र पुंडीर,
कांस्टेबल राकेश नेगी, कांस्टेबल नारायण, कांस्टेबल जितेन्द्र पुंडीर तथा कांस्टेबल रविन्द्र शामिल रहे।



