हरिद्वार

“कांवड़ को लेकर हरिद्वार पुलिस की गाइडलाइन जारी, अधिकतम 6 फीट ऊंची होगी कांवड़ और 10 फीट से ज्यादा नहीं होगी झांकी..

एसएसपी ने मेले के लिए बांटी जिम्मेदारी, एसपी सिटी बने नोडल अधिकारी, पुलिस कल्याण समिति का भी गठन..

खबर को सुनें

पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार; कांवड़ मेला-2026 को लेकर हरिद्वार पुलिस ने तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। एक ओर करोड़ों शिवभक्तों की आस्था की यात्रा को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सकुशल बनाने के लिए विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं, तो दूसरी ओर दिन-रात ड्यूटी निभाने वाले पुलिस कर्मियों के कल्याण और सुविधाओं के बेहतर समन्वय के लिए विशेष पुलिस कल्याण समिति का गठन भी किया गया है। सुरक्षा और सेवा—दोनों मोर्चों पर हरिद्वार पुलिस इस बार पूरी तैयारी के साथ मैदान में नजर आएगी।एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देशन में हरिद्वार पुलिस ने कांवड़ यात्रा-2026 के लिए श्रद्धालुओं से नियमों का पालन करने की अपील की है। पुलिस व जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यात्रा को सुरक्षित और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी कांवड़ यात्रियों से प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने और पुलिस का सहयोग करने का अनुरोध किया गया है।जारी एडवाइजरी के अनुसार कांवड़ यात्रा के दौरान जुगाड़ वाहन और रेट्रो साइलेंसर का प्रयोग पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। पैदल जल लेकर जाने वाले शिवभक्तों की कांवड़ की ऊंचाई अधिकतम 6 फीट व कांवड़ झांकी की ऊंचाई 10 फीट से अधिक नहीं होनी चाहिए, ताकि ऊंची विद्युत लाइनों से दुर्घटनाओं की आशंका न रहे और अन्य श्रद्धालुओं को भी असुविधा न हो।पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया है कि यात्रा में नुकीले भाले, त्रिशूल, तलवार या किसी भी प्रकार के हथियार लाना पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। साथ ही शराब या किसी भी प्रकार के मादक पदार्थों का सेवन कर हरिद्वार में प्रवेश करने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रत्येक कांवड़ यात्री से वैध पहचान पत्र साथ रखने की भी अपील की गई है।रेलमार्ग से आने वाले श्रद्धालुओं को विशेष रूप से चेताया गया है कि चलती ट्रेन की छत या अन्य असुरक्षित स्थानों पर यात्रा करना कानूनन अपराध है। ऐसा पाए जाने पर संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने श्रद्धालुओं से आपसी विवाद, मारपीट या तनाव से बचने और भगवान भोलेनाथ के जलाभिषेक के पवित्र उद्देश्य के साथ अनुशासित यात्रा करने की अपील की है।वहीं, कांवड़ मेला-2026 के दौरान ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मियों के कल्याण व आवश्यक सुविधाओं के प्रभावी समन्वय के लिए पुलिस अधीक्षक नगर अभय प्रताप सिंह को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। इसके साथ ही पुलिस कल्याण समिति का गठन किया गया है।समिति में क्षेत्राधिकारी सदर/लाइन सुरेंद्र प्रसाद बलूनी, प्रतिसार निरीक्षक पुलिस लाइन प्रवीण आलोक, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली भगवानपुर रितेश शाह और थाना प्रभारी सिडकुल अजय शाह को सदस्य बनाया गया है। यह समिति कांवड़ मेले के दौरान पुलिस कर्मियों के कल्याण, आवश्यक व्यवस्थाओं और विभिन्न विभागों के बीच समन्वय से जुड़े कार्यों का प्रभावी संचालन सुनिश्चित करेगी।हरिद्वार पुलिस ने अंत में सभी शिवभक्तों से विनम्र अपील की है कि नियमों का पालन करें, पुलिस व प्रशासन का सहयोग करें और कांवड़ यात्रा-2026 को सुरक्षित, अनुशासित व सफल बनाने में अपनी सहभागिता निभाएं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!